स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कल सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों के लिए 103 गैलेंट्री अवार्ड दिए जाएंगे। देश की रक्षा की ज़िम्मेदारी संभाल रहे जवानों की बहदुरी, उनकी हिम्मत को सराहने के लिए यह अवार्ड दिए जाते हैं। यह ऐलान स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन के दौरान किया है। राष्ट्रपति ने ऐलान किया कि कुल 103 वीरता पुरस्कार दिए जाएंगे जिनमें चार कीर्ति चक्र के अलावा 18 शौर्य चक्र (चार मरणोपरांत), 63 सेना पदक, 11 नौसेना पदक और छह वायु सेना पदक शामिल हैं।
किस-किस को किया जाएगा सम्मानित
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में साल 2023 में आतंकियों का सामना करते हुए अपनी जान दे देने वाले शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह को मरणोपरांत वीरता पुरस्कार ‘कीर्ति चक्र’ से सम्मानित किया जाएगा। राफइलमैन रवि कुमार (मरणोपरांत), मेजर एम रामा गोपाल नायडू और जम्मू कश्मीर पुलिस के उपाधीक्षक हुमायूं मुजम्मिल भट (मरणोपरांत) को भी कीर्ति चक्र के लिए चुना गया है।
राष्ट्रपति ने 39 ‘मेंशन-इन-डिस्पैच’ को भी मंजूरी दी है, जिसमें अलग-अलग सैन्य अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान के लिए आर्मी डॉग केंट (मरणोपरांत) भी शामिल है। इन अभियानों में ऑपरेशन रक्षक, ऑपरेशन स्नो लेपर्ड, ऑपरेशन सहायता, ऑपरेशन हिफाजत, ऑपरेशन ऑर्किड और ऑपरेशन कच्छल शामिल हैं।
शौर्य चक्र से सम्मानित होने वाले जवान
शौर्य चक्र से सम्मानित होने वाले जवानों में आर्मी एविएशन स्क्वाड्रन के कर्नल पवन सिंह, पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) की 21वीं बटालियन के मेजर सीवीएस निखिल, सिख लाइट इन्फैंट्री के मेजर आशीष धोंचक (मरणोपरांत), सैन्य सेवा कोर/राष्ट्रीय राइफल्स की 34वीं बटालियन के मेजर त्रिपतप्रीत सिंह और रेजीमेंट ऑफ आर्टिलरी/राष्ट्रीय राइफल्स की 34वीं बटालियन के मेजर साहिल रंधावा शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर राइफल्स की पांचवीं बटालियन के सूबेदार संजीव सिंह जसरोटिया, रेजीमेंट आर्टिलरी/56वीं राष्ट्रीय राइफल्स के नायब सूबेदार पी पाबिन सिंघा, सिख लाइट इन्फैंट्री/राष्ट्रीय राइफल्स की 19वीं बटालियन के सिपाही प्रदीप सिंह (मरणोपरांत), जम्मू-कश्मीर पुलिस के अब्दुल लतीफ और भारतीय नौसेना के जहाज कोलकाता के कमांडिंग अधिकारी कैप्टन शरद सिंसुंवाल को भी शौर्य चक्र से सम्मानित करने के लिए चुना गया है।
शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर कपिल यादव, भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के विंग कमांडर वर्नोन डेस्मिंड कीन, वायु सेना के स्क्वाड्रन लीडर दीपक कुमार, सीआरपीएफ के पवन कुमार (मरणोपरांत) और सीआरपीएफ के देवन सी (मरणोपरांत) शामिल हैं। सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट लखवीर, सीआरपीएफ के राजेश पांचाल और सीआरपीएफ के ही मलकीत सिंह को भी शौर्य चक्र के लिए चुना गया है।