G20 Summit: देश की राजधानी नई दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी20 समिट का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा की व्यवस्था बेहद कड़ी रहेगी। G20 समिट के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो इसलिए केंद्र और दिल्ली सरकार द्वारा UT में दफ्तरों को बंद रखने का ऐलान किया है। इस बीच कई मीडिया रिपोर्ट्स में G20 के दौरान दिल्ली में लॉकडाउन जैसा नजरा दिखाई देने की संभावना जताई है। दिल्ली पुलिस ने ऐसी रिपोर्ट्स को भ्रामक बताया है। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया वेबसाइट X पर पोस्ट कर कहा कि पूरी दिल्ली खुली है।

दिल्ली पुलिस द्वारा X पर शेयर की गई जानकारी में कहा गया है कि पूरी दिल्ली खुली है। सिर्फ NDMC क्षेत्र के एक छोटे हिस्से में प्रतिबंध लगेंगे। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि कुछ समाचार एजेंसियां भ्रामक शीर्षकों का इस्तेमाल कर G20 समिट के मद्देनजर लगाए जाने वाले प्रतिबंधों की गलत व्याख्या और गलत प्रछार कर रही हैं, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। दिल्ली पुलिस ने ऐसे में कहा कि प्रतिबंध सिर्फ NDMC के एक छोटे से हिस्से में लगाए गए हैं।

सिर्फ 1 मेट्रो स्टेशन रहेगा बंद

Delhi NCR में मेट्रो सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों में भी भ्रम की स्थिति है। अब DMRC की तरफ से भी यह स्पष्ट किया गया है कि 9, 10 सितंबर के बीच सिर्फ सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर ही यात्रियों को एंट्री और एग्जिट की इजाजत नहीं होगी। DMRC ने जानकारी दी कि इन तीनों दिन दिल्ली मेट्रो ट्रेन सेवाएं सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4 बजे शुरू हो जाएंगी। इस दौरान आम लोगों के लिए सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन छोड़कर सभी स्टेशन खुले रहेंगे।