दिल्ली में G20 नेताओं का शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को होगा। शिखर सम्मेलन में 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, यूरोपीय संघ के शीर्ष अधिकारी, आमंत्रित अतिथि देश और 14 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के भाग लेने की संभावना है। वहीं, इस दौरान शहर के कुछ हिस्सों में यातायात से संबंधित प्रतिबंध लगाए गए हैं। दुनियाभर के बड़े नेताओं के शहर में पहुंचना शुरू होने के साथ, अधिकारियों ने सुरक्षा और परेशानी मुक्त यातायात आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई प्रतिबंध लगाए हैं।

ऐसे में अगर आप नई दिल्ली में रहते हैं या अगले तीन दिनों में इस हिस्से में जाने वाले हैं, तो आपके लिए यह जानना होगा कि कौन से रास्ते बंद रहेंगे, कौन सी परिवहन सेवाएं चालू रहेंगी। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पब्लिक ट्रांसपोर्ट चलेंगे या परिवहन के किस साधन का उपयोग करें? दरअसल, 8 सितंबर से 10 सितंबर तक कुछ पब्लिक ट्रांसपोर्ट नहीं चलेंगे और सुरक्षा कारणों से कुछ मार्ग बंद या डायवर्ट किए जा सकते हैं। नई दिल्ली जिले और उसके आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक कंट्रोल किया जाएगा। नई दिल्ली क्षेत्र में प्राइवेट और कमर्शियल वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

सुबह 4 बजे से चलेगी मेट्रो

दूसरा सवाल जो आम जनता के मन में सबसे ज्यादा उठ रहा है कि क्या दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो चलेगी? तो इसका जवाब है कि हां, मेट्रो सर्विस पहले की तरह चालू रहेंगी। दिल्ली मेट्रो सेवाएं 8-10 सितंबर को नेटवर्क की सभी लाइनों पर टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4 बजे से शुरू होंगी। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को छोड़कर सभी मेट्रो स्टेशन 8 से 10 सितंबर तक आम जनता के लिए खुले रहेंगे।

क्या नई दिल्ली में मिलेगी एंट्री

नई दिल्ली के पूरे क्षेत्र को 8 सितंबर को सुबह 5 बजे से 10 सितंबर को रात 11:59 बजे तक नियंत्रित क्षेत्र माना जाएगा। तीन सीटों वाले रिक्शा और टैक्सियों को नई दिल्ली डिस्ट्रिक्ट के बाहर की सड़कों पर अनुमति दी जाएगी, वहीं नई दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के साथ टैक्सियों को सही पास या होटल बुकिंग विवरण ले जाना होगा। इस इलाके के निवासियों, अधिकृत वाहनों और आवश्यक सेवा प्रदाताओं को पहचान प्रमाण ले जाने के लिए कहा गया है, जबकि नई दिल्ली जिले के अंदर स्थित होटलों में बुकिंग करने वाले पर्यटकों और यात्रियों को वैध होटल बुकिंग विवरण दिखाना होगा। इसके अलावा, रिंग रोड (महात्मा गांधी मार्ग) के अंदर का पूरा क्षेत्र 8 सितंबर को सुबह 5 बजे से 10 सितंबर को रात 11:59 बजे तक रेगुलेटेड माना जाएगा।

क्या खुला रहेगा और क्या बंद रहेगा?

दिल्ली के एनसीटी में स्थित सभी सरकारी और प्राइवेट ऑफिस और शैक्षणिक संस्थान 8-10 सितंबर तक बंद रहेंगे। G20 समिट के लिए नई दिल्ली पुलिस जिले के अधिकार क्षेत्र में सभी वाणिज्यिक बैंक और वित्तीय संस्थान 8-10 सितंबर तक बंद रहेंगे। नई दिल्ली में स्थित रेस्तरां, थिएटर और मॉल अगले तीन दिनों तक बंद रहेंगे। हालांकि, दूध की दुकानें, फार्मेसियां, सब्जी बाज़ार और किराना स्टोर जैसी जरूरी सेवाएं खुली रहेंगी।