भाजपा मुख्यालय से मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का सेक्रेटरी होने को दावा करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। हालांकि उसके दो साथी भाग निकले। आरोपी की उम्र 30-35 साल के करीब है और उसने अपना नाम कुलदीप यादव बताया। वह नॉर्थ र्इस्ट से आने वाले कार्यकर्ता से अमित शाह का सेक्रेटरी होने का ढोंग करता। इसके बाद उनसे पार्टी में अहम दिलाने का झांसा देकर पैसे लेता। उससे दिल्ली पुलिस पूछताछ कर रही है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि आरोपी भाजपा के महासचिव(संगठन) कुलदीप और राकेश मिश्रा (शाह के सेक्रेटरी का नाम) के जरिए कार्यकर्ताओं को फांसता था। आरोपी के पास से नोटपैड भी बरामद हुआ है जिस पर उसका नाम लिखा है और शाह का सेक्रेटरी बताया गया है। पुलिस उसके कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है कि उसके संपर्क में कौन कौन पार्टी कार्यकर्ता थे। पार्टी सूत्र के अनुसार,’ वह ज्यादातर नॉर्थईस्ट के कार्यकर्ताओं को फंसाता था क्योंकि उन्हें हिंदी कम आती है। वह उनसे कहता था कि उसने उनके बारे में अमित शाह और रामलाल से बात कर ली है। जल्द ही उन्हें उनके राज्य में पद दे दिया जाएगा। इसके बाद वह उनसे पैसे ऐंठता।’
आरोपी को उस समय पकड़ा गया जब नागालैंड से दो लोग उसे ढूंढ़ते हुए आए। पार्टी कार्यालय के एक व्यक्ति ने उसे फोन किया और कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया। सूत्रों के अनुसार,’वह किसी व्यक्ति को फंसाता और फिर उसे साइड में ले जाता। वहां पर वह उन्हें भरोसा देता कि उनका काम हो जाएगा। कई बार वह ऐसे कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए भाजपा मुख्यालय के कमरों का भी इस्तेमाल करता।’ बताया जा रहा है कि नागालैंड के एक भाजपा कार्यकर्ता से उसने 60 हजार रुपये लिए।