Former Karnataka CM SM Krishna Passes Away: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा का आधी रात को शहर में उनके घर पर निधन हो गया। वे 92 साल के थे। विदेश मंत्री के तौर पर भी काम कर चुके इस दिग्गज नेता ने सुबह करीब 2:45 बजे अंतिम सांस ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे काफी लंबे वक्त से बीमार थे और पिछले कुछ महीनों से उन्हें बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा था।

बेंगलुरु को टेक राजधानी बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले कृष्णा का जन्म 1 मई, 1932 को मांड्या जिले के सोमनहल्ली में हुआ था। कांग्रेस में लंबे समय तक रहने के बाद वे अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी फेज में बीजेपी में शामिल हो गए। उन्होंने मैसूर के महाराजा कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की और बेंगलुरु के गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री हासिल की। बाद में वे डलास में दक्षिणी मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी और जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने के लिए अमेरिका चले गए।

एसएम कृष्णा का राजनीतिक करियर

अब उनके राजनीतिक करियर की बात करें तो यह साल 1962 में शुरू होता है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता केवी शंकर गौड़ा को हराकर निर्दलीय के तौर पर मद्दुर विधानसभा सीट जीती और कर्नाटक विधानसभा के सदस्य बने। उन्होंने 1968 में मांड्या उपचुनाव जीतकर संसद में कदम रखा। फिर 1972 में इस्तीफा देकर राज्य की राजनीति में लौट आए। वे 1980 में फिर से लोकसभा में गए। कुछ समय तक प्रजा सोशलिस्ट पार्टी में रहने के बाद वे 1971 में कांग्रेस के सदस्य बन गए। 1999 में उन्होंने राज्य इकाई के चीफ के तौर पर कांग्रेस को जीत दिलाई और मुख्यमंत्री बने। वे 2004 से 2008 तक महाराष्ट्र के राज्यपाल रहे और 2009 में विदेश मंत्री बने।

आंध्र प्रदेश के सीएम ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कर्नाटक के पूर्व सीएम एसएम कृष्णा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री श्री एस.एम. कृष्णा गारू के निधन के बारे में सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। हमारी दोस्ती हमारे संबंधित राज्यों में निवेश आकर्षित करने में हमारी प्रतिस्पर्धात्मक भावना से कहीं बढ़कर थी। वह एक सच्चे नेता थे जिन्होंने हमेशा अपने लोगों के कल्याण को प्राथमिकता दी। इस कठिन समय में मैं उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हू।’