कांग्रेस स्थापना दिवस से एक दिन पहले राहुल गांधी रविवार को विदेश यात्रा पर रवाना हो गए। पार्टी ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अपनी संक्षिप्त निजी यात्रा पर विदेश गए हैं। कांग्रेस ने हालांकि यह नहीं बताया कि राहुल गांधी कहां गए हैं। लेकिन पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पुष्टि की कि वह कुछ दिनों तक बाहर रहेंगे। इससे संकेत मिलता है कि राहुल गांधी नया साल भी विदेश में ही मनाएंगे।
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी सुबह कतर एयरवेज की उड़ान से इटली में मिलान रवाना हुए। राहुल गांधी की नानी इटली में रहती हैं और वह पहले भी उनसे मिलने गए थे। राहुल के विदेश रवाना होने के एक दिन बाद ही सोमवार यानी आज कांग्रेस का 136वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराया जाएगा।
कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर सोमवार से उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ता ‘कांग्रेस संदेश पदयात्रा’ निकालेंगे। पार्टी की तरफ से यह जानकारी दी गई। इधर कांग्रेस के प्रदेश मीडिया संयोजक ललन कुमार ने रविवार को बताया कि दल की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के निर्देश पर पार्टी के 136वें स्थापना दिवस पर सोमवार से तीन दिवसीय ‘कांग्रेस संदेश पदयात्रा’ शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘खेत और किसान की रक्षा’ के लिए निकाली जाने वाली ये पदयात्राएं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली जाएंगी, जिनमें आम जनता भी हिस्सा लेगी। इस बीच प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी नए दशक में एक नई शुरुआत करेगी। पार्टी पंचायत चुनावों के जरिए जमीनी स्तर पर अपनी पैठ बनाएगी। इससे वर्ष 2022 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को जरूरी गति और हौसला मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी के पदाधिकारी आगामी तीन जनवरी से गांवों में रात्रि प्रवास करके किसानों, युवाओं तथा आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। यह सिलसिला फरवरी तक जारी रहेगा। पार्टी राज्य में ग्राम प्रधान तथा जिला पंचायत की ज्यादातर सीटें जीतने का लक्ष्य बना रही है। इधर, कांग्रेस सेवा दल की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि नए दशक में सेवा दल एक नए अवतार में नजर आएगा। उन्होंने कहा कि संगठन ने किसानों तक पहुंच बनाने के लिए किसान पंचायतों और खाट सभाओं का आयोजन शुरू कर दिया है।
