उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में बुधवार घना कोहरा छाए रहने के कारण पंजाब सहित कुछ स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई। वहीं दिल्ली में कोहरा कम रहा लेकिन गलन कम नहीं हुई। यहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। बुधवार को लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली क्योंकि पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा था। मगर सुबह और शाम गलन बरकरार रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने अगले चार-पांच दिन उत्तर भारत में घना से अत्यंत घना कोहरा और ठंड से भीषण ठंड की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी अगले पांच दिन तक शीत लहर जारी रहने का अनुमान है। बुधवार को उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा जबकि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। भारतीय रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली आने वाली 20 ट्रेन कोहरे के कारण पांच घंटे तक की देरी से पहुंचीं।

सुबह साढ़े पांच बजे पटियाला, अंबाला और बरेली में दृश्यता का स्तर 25 मीटर जबकि हिसार, चुरू और बहराइच में 50 मीटर और लखनऊ और पूर्णिया में 200 मीटर था। दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में दृश्यता केवल 200 मीटर थी। चंडीगढ़ में मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले के बल्लोवाल सौंखरी में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के अन्य स्थानों में, अमृतसर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि लुधियाना और पटियाला में तापमान क्रमश: 2.8 और 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। पड़ोसी राज्य हरियाणा में करनाल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। पंजाब के होशियारपुर में कोहरे के कारण एक बस खड़े ट्रक से टकरा गई।

इस घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। बस 30 पुलिसकर्मियों को लेकर जलंधर में पंजाब सशस्त्र पुलिस संस्थान से गुरदासपुर जा रही थी लेकिन होशियारपुर से 54 किलोमीटर दूर मुकेरियां में सुबह करीब सात बजे बस दुर्घटना का शिकार हो गई। राजस्थान में भीषण ठंड से कुछ राहत मिली क्योंकि बुधवार को राज्य के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ गया। 4.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ अलवर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने कहा कि ठंड की स्थिति के कारण नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं 18 जनवरी से सुबह 10 बजे शुरू होंगी। नोएडा के सरकारी स्कूल आमतौर पर सर्दियों में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चलते हैं। जम्मू-कश्मीर में भीषण शीत लहर से कुछ राहत मिली क्योंकि घाटी में अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान बढ़ गया।

दिल्ली में सातवें दिन भी शीत दिवस

दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल है। आलम यह रहा कि बुधवार की सुबह सूरज चटख धूप के साथ खिला लेकिन वह हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से लोगों को राहत देने में नाकाम रहा। हालांकि धूप खिलने से कोहरा दिन में हल्के दर्जे किया गया फिर भी प्रदूषण का स्तर नहीं सुधरा। नमी व प्रदूषण के उच्च स्तर ने हवा को बहुत खराब दर्जे का बनाए रखा। बुधवार को लगातार सातवें दिन दिल्ली में शीत दिवस बरकरार रहा और लगातार पांचवे दिन न्यूनतम तापमान छह डिग्री से नीचे रहा।

बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम है। जबकि अधिकतम तापमान औसत से एक डिग्री नीचे 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में औसत न्यूनतम तापमान 05.0 डिग्री 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोग अलाव, हीटर, ब्लोवर व रेडिएटर से राहत पाने की कोशिश करते रहे। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कुछ तापमान बढ़ा लेकिन गलन बरकरार रही। फरीदाबाद में न्यूनतम व अधिकतम तापमान क्रमश: 06.03 व 15.06 डिग्री रहा।

नोएडा में यह 6.0 व 17.8 डिग्री रहा। विभाग ने बताया कि दक्षिण पूर्वी हवा की गति बढ़ कर 16 किमी प्रति घंटे होने के कारण गलन बनी रही। दिल्ली में सुबह साढ़े पांच बजे मध्यम कोहरा छाया रहा जबकि इसके कुछ हिस्सों में घना कोहरा दिखा। राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला और पालम में दृश्यता सुबह साढ़े पांच बजे 200 मीटर दर्ज की गई।

दिल्ली में सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर हवा में सापेक्षिक नमी 91 फीसद दर्ज की गई। दिन चढ़ने व हवा चलने से कोहरा छंटा। हालांकि मौसम विभाग ने दिल्ली में कोहरे व गलन को लेकर अगले दो दिनों के लिए नारंगी चेतावनी जारी की है। विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री व न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहेगा व सूरज को नदारत करने लायक कोहरा छाया रहेगा।

बुधवार को दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और इससे लगे हरियाणा में भी कुछ इलाके कोहरे की चपेट में रहे। कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली करीब 24 ट्रेन अधिकतम छह घंटे की देरी से चल रही हैं। दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में दृश्यता का स्तर केवल 200 मीटर दर्ज किया गया। जिससे उड़ानों में भी कुछ देरी हुई।

दिल्ली हवाई अड्डे पर सोमवार को पांच उड़ानों का मार्ग बदला गया जबकि 100 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। विभाग ने घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता का स्तर बहुत कम हो जाने के बीच लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने बताया कि अगले पांच दिन तक उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की आशंका है।

नोएडा : स्कूलों का समय बदला

ठंड के कारण नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं 18 जनवरी से सुबह 10 बजे शुरू होंगी। जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राहुल पंवार ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया कि जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में घने कोहरे एवं अत्यधिक ठंड के मौसम को देखते हुए जिले में स्कूलों में नर्सरी से लेकर आठवीं तक की कक्षाएं 18 जनवरी से सुबह 10 बजे से शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि इस आदेश की अवहेलना करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।