देश के कई राज्य इस समय भारी बारिश की वजह से बाढ़ की चपेट में या फिर वहां पर ऐसी स्थिति बनती दिख रही है। कई सालों बाद उत्तर भारत के राज्यों में भी ऐसा ही हाल बन गया है, फिर चाहे दिल्ली हो या फिर हरियाणा। अब इस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। उस वीडियो में एक नेता को बाढ़ पीड़ित ने जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।

वायरल वीडियो हरियाणा का बताया जा रहा है और थप्पड़ खाने वाले नेता का नाम ईश्वर सिंह हैं। ईश्वर जेजेपी पार्टी के विधायक हैं जो बुधवार को जमीन पर बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने गए थे। अब इससे पहले वे लोगों की परेशानी समझ पाते, एक महिला ने विधायक को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। उस महिला की नाराजगी का कारण ये था कि विधायक पहले लोगों की सुध लेने नहीं आए, लेकिन अब शक्ल दिखाने चले आए। वायरल वीडियो में महिला कहती सुनाई भी दे रही हैं- अब क्यों आए हो।

अभी तक थप्पड़ खाने वाले नेता ईश्वर सिंह ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, पुलिस ने उस महिला के साथ क्या किया, ये भी स्पष्ट नहीं है। वैसे जानकारी के लिए बता दें कि इस समय बारिश ने कई राज्यों में हालात खस्ता बना दिए हैं। दिल्ली में रिकॉर्ड बारिश के बाद यमुना नदी का जलस्तर 1978 के बाद सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है। स्कूलों को रिलीफ कैंप बनाने की बात चल रही है।

इसी तरह हिमाचल प्रदेश भी भारी तबाही का मंजर देख रहा है। बारिश तो थम गई है, लेकिन बर्बादी के निशान साफ दिखाई पड़ रहे हैं। मंडी से लेकर कसौल तक, कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं जो पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं। कई जगहों पर तो वायुसेना से रेस्क्यू के लिए मदद मांगी जा रही है।