Mohan Bhagwat Celebrates 74th Republic Day: देश गुरुवार (26 जनवरी, 2023) को 74वां गणतंत्र दिवस (Republic Day) मना रहा है। इसे लेकर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इस दिन सरकारी संस्थानों और कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया जाता है। केंद्रीय मंत्रियों समेत कई नेताओं ने अपने आवास पर भी झंडा फहराया और देशवासिों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने अपने कार्यालय में गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने जयपुर में जबकि नागपुर मुख्यालय में श्रीधर गाडगे ने तिरंगा फहराया। इसके अलावा, कई राज्यों में भी गणतंत्र दिवस को लेकर खास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। आइए जानते हैं गणतंत्र दिवस से जुड़े 10 प्रमुख अपडेट्स-
- राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने जयपुर में जामडोली के केशव विद्यापीठ में 74वें गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया और तिरंगा फहराया।
- गणतंत्र दिवस के अवसर पर नागपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मुख्यालय पर तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर आरएसएस नागपुर महानगर के सहसंघचालक श्रीधर गाडगे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
- दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पर भी झंडा फहराया गया। यहां पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने तिरंगा फहराया। इस दौरान भाजपा के नेता कैलाश विजयवर्गीय, बीएल संतोष और अन्य नेता भी मौजूद थे।
- तेलंगाना की राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदराजन ने हैदराबाद में 74वें गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव नजर नहीं आए। हैदराबाद में राजभवन में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया था, जहां राज्यपाल तमिलिसाई सौंदराजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
- पंजाब के अटारी बॉर्डर पर भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया गया।
- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर बस्तर के जगदलपुर के लालबाग परेड मैदान में तिरंगा फहराया। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यमुनानगर में गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
- लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी अपने आवास पर झंडा फहराया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “मैं सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। यह उन लोगों के योगदान को याद करने का दिन है जिन्होंने मां भारती के लिए अपने जीवन का बलिदान कर दिया। साथ ही उन लोगों को याद करने का दिन है, जिन्होंने सबसे बड़े लोकतंत्र के संविधान का मसौदा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।”
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह ने भी इस मौके पर अपने आवास पर तिरंगा फहराया और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास पर झंडा फहराया। वहीं, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने यहां गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
- इस बार मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर भारत आए हैं। ऐसा पहली बार है कि मिस्र के किसी नेता को भारत के गणतंत्र दिवस पर आमंत्रित किया गया है। वे 4 दिवसीय दौरे पर रहेंगे।