Lok Sabha Election Dates: चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे। 19 अप्रैल से शुरू होकर चुनाव 1 जून तक चलेगा। 4 जून लोकसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। क्या आपको पता है कि लोकसभा का पहला चुनाव कब और कितने चरणों में कराया गया था। इस चुनाव में कितने मतदाता शामिल हुए थे और चुनाव में कितना खर्च हुआ था? इस रिपोर्ट में देश के पहले लोकसभा चुनाव से जुड़ी सभी जानकारी को विस्तार से समझते हैं।
कब हुआ था देश का पहला लोकसभा चुनाव?
देश में पहला लोकसभा चुनाव 25 अक्टूबर 1951 से लेकर 21 फरवरी 1952 तक चला था। उस समय पूरे देश में चुनाव कराया एक जटिल प्रक्रिया थी। सबकुल नया भी था। भारत के पहले चुनाव आयुक्त सुकुमार सेन थे। चुनाव आयोग के पास बड़ी जिम्मेदारी थी। देश का पहला आम चुनाव 68 चरणों में कराया गया था। पहले इलेक्शन कमिशन ने तय किया था कि वोटिंग 1952 के फरवरी और मार्च महीने में होगी। लेकिन हिमाचल प्रदेश की चिनी तहसील के लोगों को अक्टूबर 1951 में ही मौका मिल गया, क्योंकि सर्दियों में बर्फबारी के चलते यह इलाका बाकी जगहों से कट जाता है। देश के पहले लोकसभा चुनाव में 401 निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 489 सीटों के लिए मतदान हुआ था। तब बैलेट पेपर पर चुनाव हुआ करता था।
पहले लोकसभा चुनाव में कितने लोगों ने किया मतदान?
पहले लोकसभा चुनाव के दौरान देश की जनसंख्या करीब 36 करोड़ थी। इस दौरान 17.32 करोड़ मतदान बनाए गए। पहले आम चुनाव में 10 करोड़ 59 लाख मतदाताओं ने वोट डाला था। पहले आम चुनाव में कुल 1874 उम्मीदवार मैदान में थे। तब कुल 53 चुनावी दल मैदान में उतरे थे। इनमें से 14 राष्ट्रीय पार्टियां और 39 क्षेत्रीय पार्टियां थीं। इस चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी। चुनाव में कांग्रेस को 364 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं सीपीआई 16 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर थी। वहीं 37 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव में जीत दर्ज की थी।
मतदान के लिए 21 साल थी उम्र
पहले लोकसभा चुनाव के समय मतदाताओं की उम्र कम से कम 21 साल तय की गई थी। तब से लेकर अब तक चुनावी प्रक्रिया में कई बदलाव हुए हैं। इसमें मतदाताओं की उम्र को कम करना भी शामिल है। अब मतदान के लिए 18 साल उम्र तय की गई है। तब उत्तर प्रदेश सीटों के लिहाज से सबसे बड़ा राज्य था। तब यूपी में लोकसभा की 86 सीटें थीं। इसके बाद मद्रास में 75 और बिहार में 55 सीटें थीं।
पहले लोकसभा चुनाव में कितना आया खर्च?
पहले आम चुनाव पर करीब 10.5 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। तब देश के पास इतने संसाधन उपलब्ध नहीं थे जितने आज हैं। पहाड़ों से लेकर मैदान और समुद्री इलाकों तक वोटिंग करना बड़ी चुनौती थी। साल 1957 के आम चुनाव को छोड़ हर लोकसभा चुनाव के खर्च में बढ़ोतरी होती गई है। साल 2009 के लोकसभा चुनाव में 1114.4 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। वहीं, 2014 में 3870.3 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। 2014 के लोकसभा चुनाव तक यह खर्च बढ़कर 3870.3 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।