जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 31 जुलाई को चार लोगों की गोली मारकर हत्या करने के बाद पूर्व आरपीएफ कांस्टेबल चेतन सिंह चौधरी ने उत्तर प्रदेश में अपने मामा को फोन किया था और टीवी समाचार चैनलों पर खुद के बारे में ब्रेकिंग न्यूज देखने के लिए कहा था। यह जानकारी चार्जशीट के जरिए सामने आई है। जानकारी सामने आई है कि चेतन सिंह ने सुबह लगभग 4.30 बजे अपने मामा (मां के भाई) वासुदेव सिंह सोलंकी को फोन किया था। 1,029 पन्नों की चार्जशीट में यह बात सामने आई है। चार्जशीट में कहा गया है कि चेतन सिंह चौधरी के अपने मामा के साथ अच्छे संबंध हैं।

31 जुलाई को अपने वरिष्ठ अधिकारी और तीन मुस्लिम यात्रियों को गोली मारने से पहले भी चेतन सिंह ने मामा को कॉल किया था। कॉल वासुदेव सिंह की पत्नी उठाया था और कहा था कि मामा सो रहे हैं। इस कॉल से पहले चेतन सिंह चौधरी ने अपने वरिष्ठ एएसआई टीकाराम मीणा से अनुरोध किया था कि उन्हें वलसाड या वाशी में उतरने की अनुमति दी जाए क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। चार्जशीट में कहा गया है कि अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया और उसे आराम करने के लिए कहा गया क्योंकि कुछ घंटों के बाद उसकी ड्यूटी खत्म होने वाली थी।

मामा को फोन कर क्या कहा?

चेतन सिंह ने दूसरी बार सुबह 6.10 बजे मामा को फोन किया। इस बार वासुदेव सिंह ने फोन रिसीव किया और चेतन चौधरी ने उन्हें बताया कि उसने अपने वरिष्ठ और तीन यात्रियों को अपनी राइफल से गोली मार दी है। हैरान होकर सोलंकी ने कहा कि उन्हें उन पर विश्वास नहीं हुआ। जीआरपी सूत्रों ने बताया कि इसके बाद चौधरी ने उनसे टेलीविजन चालू करने और ‘ब्रेकिंग न्यूज’ देखने के लिए कहा। इसके बाद चेतन चौधरी ने अपने मामा से मार्गदर्शन मांगा कि उसे आगे क्या करना चाहिए क्योंकि वह कुछ भी सोच-समझ नहीं पा रहा है। उसके चाचा ने उसे खुद को सरेंडर करने के लिए कहा। इसके बाद वासुदेव सोलंकी ने टीवी चालू किया और चौधरी को समाचार में देखा और फिर इसकी पुष्टि करने के लिए चौधरी की पत्नी को फोन किया।

पत्नी को भी किया था कॉल

चेतन सिंह चौधरी ने अपनी पत्नी प्रियंका चौधरी को भी फोन किया था और उन्हें बताया था कि उसने तीन यात्रियों और अपने वरिष्ठ अधिकारी को गोली मार दी है। उसने कहा कि उसने बहुत बड़ी गलती की है और उसने अपने दोनों बच्चों की अच्छी तरह से परवरिश करने और उनकी देखभाल करने के लिए कहा। चेतन सिंह ने कहा,”मे आपसे बहुत प्यार करता हूं, अगर आप कहें तो क्या मुझे खुद को गोली मार लेनी चाहिए।” चेतन सिंह ने उससे कहा कि वह सरेंडर कर दे।