उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में एक महिला नर्स के साथ पहले बलात्कार किया गया फिर उसकी हत्या कर दी गई। नर्स का शव उत्तर प्रदेश के रामपुर में उसके गांव से मिला है। इस मामले में पूरा सप्ताह बीत जाने के बाद अब एक दहाड़ी मजदूर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक उसका नाम धर्मेंद्र कुमार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, महिला नर्स की बहन ने उसके घर नहीं पहुंचने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

फोन की लोकेशन से खुला मामला

महिला नर्स 30 जुलाई को अस्पताल से ड्यूटी के बाद अकेली घर जा रही थी। धर्मेंद्र कुमार नाम के शख्स ने पहले तो उसका पीछा किया और सुनसान जगह पर उसे रोककर उसके साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के बाद जांच-पड़ताल की तो लड़की का शव एक हफ्ते बाद खाली प्लॉट में मिला।

उधम सिंह नगर के एसपी मंजूनाथ टी सी ने बताया कि 30 जुलाई को एक गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली थी। जांच के दौरान पता चला कि वह उस दिन उत्तर प्रदेश में अपने गांव तक पहुंच गई थी। जहां उसके ऊपर आरोपी ने हमला किया। 8 अगस्त को पुलिस को एक कॉल आया कि वहीं झाड़ियों में किसी का शव पड़ा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान उन्हें महिला के फोन की लोकेशन राजस्थान में मिली। सीसीटीवी रिकोर्ड्स के आधार पर पुलिस ने आरोपी को महिला का पीछा करते हुए पाया और उसका पता लगाया।

नशे का आदि है आरोपी

एसपी मंजूनाथ टी सी ने कहा कि आरोपी नशे करता है और महिला को वह पहले से नहीं जानता था। घटना वाले दिन उसने महिला को अकेले जाते देखा और उसके साथ यह सब किया। उसने महिला का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटना के समय पहने हुए कपड़े, मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद कर लिया है।