एमएसपी समेत अन्य मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन अब भी जारी है। किसान आज देशभर में ‘रेल रोको’ अभियान चलाने वाले हैं। इस दौरान 4 घंटे के लिए किसान रेल रोककर विरोध प्रदर्शन करेंगे। किसानों का रेल रोको अभियान दोपहर 12 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। इसका असर पंजाब और हरियाणा में देखने को मिलेगा। दोनों की राज्यों में किसान 50 से अधिक जगहों पर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। रेल यात्रियों पर इसका असर देखने को मिलेगा।

किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि किसान अमृतसर, फिरोजपुर, रुपनगर और गुरदासपुर में रेलवे ट्रैक जाम करेंगे। इस आंदोलन में संयुक्त किसान मोर्चा और अन्य संगठन भी शामिल होंगे। किसानों के रेल रोको अभियान को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की गई है। कई जगहों पर धारा-144 लगाई गई है। किसान नेता पंढेर ने लोगों से अपील की कि वे आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच ट्रेन से यात्रा करने की अपनी योजना न बनाएं। उन्होंने कहा कि लोगों को ट्रेन रोको अभियान के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

सरकार के बात बातचीत रही बेनतीजा

बता दें कि सरकार और किसानों के बीच अब तक चार दौर की वार्ता हो चुकी है। अभी तक इसका कोई हल नहीं निकला है। किसानों का कहना है कि स्वामिनाथन कमीशन द्वारा दिए गए सी2 प्लस 50 पर्सेंट के फार्मूले से ही किसानों को सभी फसलों पर एमएसपी दी जानी चाहिए और इसके लिए कानून बनना चाहिए। बता दें कि किसान आंदोलन 13 फरवरी को शुरू हुआ था। पंजाब से करीब 200 किसान संगठनों ने दिल्ली चलो मार्च शुरू किया था जिन्हें हरियाणा के बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। किसानों की सरकार से 12 मांगें हैं। कई चरणों की बातचीत के बाद भी किसान अब भी वापस लौटने को तैयार नहीं हैं।