राजस्थान-हरियाणा सीमा पर आंदोलनकारी किसानों और हरियाणा पुलिस के बीच गुरुवार दोपहर को हिंसक झड़प हो गई। राजस्थान से हरियाणा सीमा में घुसे किसानों पर पुलिस ने लाठियां भांजी और वापस खदेड़ दिया। वहां से 40 किसानों को हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर राजस्थान के किसान भड़क गए और अलवर में उन्होंने बैरिकेड्स तोड़ डाले। साथ ही, सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जबरन हरियाणा की सीमा में ले गए। इसके बाद पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिससे कई किसान घायल हो गए।
अलवर जिले के शाहजहांपुर में राजस्थान-हरियाणा सीमा पर भी किसान धरना दे रहे हैं। वहां अब तक धरना और प्रदर्शन शांति से चल रहा था। लेकिन गुरुवार को हिंसक झड़प हो गई। दरअसल, गुरुवार को वहां पहुंचे श्रीगंगानगर के युवकों ने हरियाणा पुलिस की ओर से सीमा पर लगाए गए अवरोधक तोड़ दिए। साथ ही, सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हरियाणा की सीमा में घुसा दीं।
इसके बाद हरियाणा पुलिस और किसान आंदोलनकारियों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज किया तो माहौल गरमा गया और राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
मामले की जानकारी मिलते ही राजस्थान और हरियाणा पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसान नेताओं से बातचीत करके मामला सुलझाया। वहीं, किसान नेताओं ने भी माइक से शांति बनाए रखने की अपील की।
