कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट पूरी दुनिया देख रही है। पाकिस्तान भारत के खिलाफ जंग की गीदड़भभकियां दे रहा है। पाकिस्तान की वित्तीय हालात किसी से छिपी नहीं है और वह अपना घर चलाने के लिए अपने पड़ोसी चीन समेत विश्व से उधार मांग रहा है। पाकिस्तान और उसकी धमकियों की पाक मूल के जाने-माने लेख तारिक फतह ने पोल खोली है। शुक्रवार को एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में तारिक ने कहा कि पाकिस्तान अनपढ़ शिक्षितों का देश है। यही नहीं उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को इस्लाम की बात करने का ठेका किसने दिया?
लेखक ने चैनल से बातचीत में पाकिस्तान की मौजूदा हालातों पर अपनी राय पेश करते हुए कहा ‘आर्टिकल 370 और 35ए हटाए जाने के बाद पाकिस्तान को मालूम पड़ गया कि भारत में कोई ऐसा नेता है जो सख्त फैसले ले सकता है। पाकिस्तान को लगता था कि मोदी सरकार के इस फैसले के खिलाफ भारत के मुसलमान एकजुट हो जाएंगे लेकिन ऐसा अबतक कहीं नजर नहीं आया।’
उन्होंने आगे कहा ‘पाकिस्तान अनपढ़ शिक्षितों और फकीरों का देश है। यहां पर किसी ने आर्टिकल 370 के बारे में नहीं पढ़ा। यहां के किसी राजनायिक को इसके बारे में नहीं पता। पाकिस्तान के पीएम कभी चीन तो कभी अरब देश तो कभी अमेरिका के आगे हाथ फैलाकर भीख मांग रहे हैं।’
वहीं पाक पीएम इमरान खान की भारत के खिलाफ धमकियों पर उन्होंने कहा ‘इन्हें मालूम भी है कि भारत में पाकिस्तान से ज्यादा मुस्लिम आबादी है। यहां के मुस्लिमों को सरकार का विरोध करने से लेकर कई छूट दी गई है। जबकि पाकिस्तान में शिया और अहमदी आपस लड़ते फिरते हैं। इन्हें किसने ठेका दिया है इस्लाम की बात करने का।’ बता दें कि कश्मीर में आर्टिकल 370 को हटाए जाने के बाद पाकिस्तान बुरी तरह बौखलाया हुआ है। पाकिस्तान की इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन जुटाने की कोशिश भी नाकाम रही है।