सभी न्यूज चैनल व एजेंसियों के एग्जिट पोल सर्वे में एक बार फिर एनडीए सरकार की सत्ता में वापसी का अनुमान व्यक्त किया गया है। इन सब के बावजूद तीन बड़े राज्य उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में एग्जिट पोल के आंकड़ों से तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है। इन तीन बड़े राज्यों में लोकसभा की कुल 142 सीटें हैं। दूसरी तरफ अलग-अलग सर्वे में अनुमान भिन्न हैं।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं।
ऐसे में प्रदेश केंद्र में सरकार बनाने में किसी भी दल के लिए काफी अहम रहता है। 2014 के आम चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने राज्य की 80 में 73 सीटें जीती थीं। जबकि सभी एग्जिट पोल में यह दिखाया गया है कि एनडीए 272 का जादुई आंकड़ा आराम से पार कर ले रही है लेकिन यूपी में भाजपा का प्रदर्शन अलग-अलग एजेंसियों में भिन्न दिखाया गया है।
एग्जिट पोल में विभिन्न एजेंसियों ने समाजवादी पार्टी, बसपा और आरएलडी के प्रदर्शन को लेकर महत्वपूर्ण राय दी है। रिपब्लिक टीवी के अनुसार महागठबंधन को यूपी में 40 सीटें जीतने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं भाजपा को 38 और कांग्रेस को 2 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। जबकि अन्य एजेंसियां भाजपा को राज्य में बढ़त दिखा रही हैं।
टाइम्स नाउ-वीएमआर के एग्जिट पोल में भाजपा की 58 सीटें जबकि महा गठबंधन को 20 सीटें मिलेंगी। न्यूज 24 के लिए टुडे चाणक्या ने महागठबंधन को 13 सीटें मिलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। जबकि भाजपा को यहां 65 सीटें जीतने का अनुमान व्यक्त किया गया है। दूसरी तरफ आजतक-एक्सिस माइ इंडिया के आंकड़ें कहते हैं कि एनडीए 62-68 सीटे जीत सकता है। राज्य में कांग्रेस को 2 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

वहीं पश्चिम बंगाल में टुडे चाणक्या ने भाजपा को राज्य में 18 सीटें और तृणमूल को 23 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, टाइम्स नाउ-वीएमआर ने भाजपा को 11 और टीएमसी को 29 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। साल 2014 में टीएमसी ने राज्य में 34 सीटें जीती थी। वहीं भाजपा को वर्तमान में दो सांसद हैं।
ओडिशा में भी एग्जिट पोल के परिणाम अलग-अलग हैं। भाजपा ने यहां साल 2014 में 1 सीट जीती थी। वहीं बीजेडी को 21 में से 20 सीटें मिली थीं। आज तक के सर्वे में बीजेडी को 0 सीट और भाजपा को 15-19 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। टाइम्स नाउ-वीएमआर और रिपब्लिक टीवी-सीवोटर ने भाजपा को राज्य में क्रमशः 12 और 10 सीटे जीतने का अनुमान जताया है। वही तीनों चैनलों के सर्वे में बीजेडी को क्रमशः 8,11 और 7 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।