Chandrababu Naidu Arrest: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को शनिवार को आपराधिक जांच विभाग (CID) ने गिरफ्तार कर लिया। चंद्रबाबू नायडू को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें अब मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में ले जाया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। नायडू की यह गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद हुई है।
चंद्रबाबू नायडू ने अपनी यात्रा के दौरान शुक्रवार को नंद्याल जिले के बनगनपल्ली में जनसभा को संबोधित किया था। संबोधन के बाद नायडू अपनी वैनिटी वैन में आराम कर रहे थे। शनिवार करीब तड़के साढ़े तीन बजे आंध्र प्रदेश सीआईडी नायडू को गिरफ्तार करने के लिए उनकी वैनिटी वैन में पहुंची, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने वाहन को घेर लिया और आंध्र प्रदेश सीआईडी को गिरफ्तार नहीं करने दिया।
इस दौरान चंद्रबाबू नायडू के समर्थकों और आंध्र प्रदेश सीआईडी के बीच तीखी बहस भी हुई। जिसके बाद सुबह करीब छह बजे नायडू वैन से उतरे और पुलिस के साथ चर्चा की। उनकी गिरफ्तारी के लिए 51सीआरपीसी के तहत नोटिस जारी किया गया था। नायडू ने मामले की डिटेल्स मांगी, लेकिन पुलिस ने यह कहते हुए विवरण देने से इनकार कर दिया कि डिटेल्स कोर्ट के सामने पेश की गई है। पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी और रिमांड रिपोर्ट नायडू से पूछताछ के बाद दी जाएगी।
किस मामले में किया गया गिरफ्तार
कौशल विकास घोटाला मामले में चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार किया गया है। इस केस में नायडू को आरोपी नंबर-1 के रूप में नामित किया गया है। उन पर 250 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला करने का आरोप है। पुलिस अधिकारियों ने चंद्रबाबू नायडू के अधिवक्ताओं को कौशल विकास मामले में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा जारी एफआईआर प्रति और अन्य आदेशों का विवरण प्रदान किया है। हालांकि, चंद्रबाबू नायडू और उनके अधिवक्ताओं ने जांच अधिकारियों से प्रथम दृष्टया साक्ष्य प्रदान करने का अनुरोध किया, यह बताते हुए कि उनके नाम का उल्लेख एफआईआर रिपोर्ट में नहीं किया गया था।
गिरफ्तारी से पहले नायडू ने सीआईडी अधिकारियों से क्या सवाल किया?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री नायडू ने सीआईडी अधिकारियों से सवाल किया कि मामले में उनकी संलिप्तता के बारे में कोई जानकारी दिए बिना उन्हें कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है? फिर भी, पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी जांच प्रक्रिया का प्रारंभिक चरण है। सभी विवरण 24 घंटे के भीतर रिमांड रिपोर्ट में प्रदान किए जाएंगे। सीआईडी अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि वे डीके बसु मामले की तरह निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रहे हैं।
नायडू के बेटे नारा लोकेश हिरासत में
समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया है कि चंद्रबाबू नायडू के बेटे और टीडीपी नेता नारा लोकेश को पूर्वी गोदावरी जिले में पुलिस ने हिरासत में लिया है। टीडीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोकेश का वीडियो भी जारी करते हुए बताया है कि पुलिस ने कहा है कि वे (लोकेश) चंद्रबाबू नायडू से नहीं मिल सकते हैं।
मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है: चंद्रबाबू नायडू
इससे पहले आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आशंका जताई है कि आने वाले कुछ दिनों के भीतर ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। अनंतपुर जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख ने ये दावा किया था। जिसके बाद राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। टीडीपी ने राज्य के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया था।
रैली में चंद्रबाबू नायडू ने कहा था कि आज या कल में वो मुझे गिरफ्तार कर सकते हैं, या मुझपर हमला भी किया जा सकता है। सिर्फ एक नहीं कई बार अत्याचार करके हमें घेरा जा रहा है। चंद्रबाबू नायडू ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया था कि मुझपर कोई भी आरोप साबित नहीं हुआ है, सिर्फ झूठा मामला बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि पूर्व सीएम वाईएसआर रेड्डी ने भी मेरे ऊपर कई केस दर्ज करवाए थे, लेकिन किसी में भी कोई आरोप साबित नहीं हो सका था। उन्होंने दावा किया आने वाले चुनाव में हमारी पार्टी बहुमत हासिल करेगी और तमाम अत्याचार रोक दिए जाएंगे।
राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव
टीडीपी प्रमुख के दावे के बाद वाईएसआर कांग्रेस के नेताओं ने पलटवार किया था। वी. विजयसाई रेड्डी ने कहा था कि चंद्रबाबू नायडू सिर्फ सहानुभूति पाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं, जबकि कानून राज्य में अपना काम करेगा। बता दें, आंध्र प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में उससे पहले दोनों पार्टियों में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।