मिजोरम में बहुमत पाने वाली पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट आज शुक्रवार को शपथ ग्रहण करने के साथ ही सत्ता में आ जाएगी। मिजो नेशनल फ्रंट के अध्यक्ष जोरामथांगा मिजोरम के नए सीएम के तौर पर शपथ लेंगे। खास बात ये है कि राज्य में पहली बार ईसाई रीति-रिवाज के साथ नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मिजोरम एक ईसाई बहुल राज्य है, जिसकी 97% जनता ईसाई धर्म को मानने वाली है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर के अनुसार, मिजो नेशनल फ्रंट के नेता और हाल ही में विधायक चुने गए लालरुतकिमा का कहना है कि ‘शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रगान के बाद बाइबल की आयतें पढ़ी जाएंगी और धार्मिक भजन गाए जाएंगे। हम ऐसा पहली बार करने जा रहे हैं।’

मिजो नेशनल फ्रंट के चीफ जोरामथांगा अपनी टीम के साथ शुक्रवार दोपहर में राजभवन में पद और गोपनियता की शपथ ग्रहण करेंगे। उल्लेखनीय है कि मिजो नेशनल फ्रंट का जुड़ाव राज्य के चर्च और धार्मिक संगठनों से खासा मजबूत है। ऐसी खबरे हैं कि एमएनएफ की सरकार में राज्य में शराब पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की तैयारी की जा रही है। लालथनहवला के सत्ता में रहने के दौरान भी मिजोरम में शराबबंदी लागू की गई थी। हालांकि बाद में कांग्रेस की सरकार ने स्थानीय शराब से प्रतिबंध हटा लिया था।

मिजोरम में कांग्रेस का 10 साल का शासन खत्म हो गया है। इसके साथ ही उत्तर पूर्व के सभी राज्यों से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के 11 दिसंबर को आयोजित हुए नतीजों के अनुसार, मिजो नेशनल फ्रंट को 26 और जोराम पीपल्स फ्रंट को 8 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं कांग्रेस इस बार सिर्फ 5 सीटों पर सिमटकर रह गई। पहली बार मिजोरम में भाजपा के किसी प्रत्याशी को जीत मिली है। मिजोरम की तुईचवांग सीट से भाजपा नेता बुद्ध धन चकमा ने जीत दर्ज की है।