चुनाव आयोग के प्रमुख राजीव कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आखिर ये प्लेटफॉर्म फर्जी बातों को ब्लॉक क्यों नहीं करते। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने शुक्रवार को कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आसानी से पहचाने जा सकने वाले फेक कंटेंट को ब्लॉक या कम से कम उन्हें मार्क भी नहीं कर रहे हैं।
चुनाव आयुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म खुद को बचाने के लिए तथ्यों की जांच-परख का काम चुनाव निकायों पर छोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा लगता है कि यहां व्यापारिक हित काम कर रहे हैं। कुमार का कहना था, ‘‘यह पहले बीमारी फैलाने और फिर दवाएं बेचने जैसा है। इसका नुकसान निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र की शुचिता को होता है।’’
सोशल मीडिया मंचों को आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत- CEC
चुनाव प्रबंधन निकायों के एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में राजीव कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया कंपनियों को बहुत देर हो जाने से पहले आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘सोशल मीडिया मंचों पर फर्जी, असत्यापित और ऐसे भ्रामक कंटेंट का साया नहीं होना चाहिए, जो बुनियादी रूप से विनाशकारी हैं।”
मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार, यह सोशल मीडिया मंच के हित में है कि बहुत देर होने से पहले फर्जी चीजों का पता लगाया जाए और उसे ब्लॉक किया जाए। उन्होंने आगाह किया, ‘‘लोकतंत्र और इस तरह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बाधित करने वाली ताकतों की मदद नहीं होनी चाहिए।’’
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, 50 लाख की शराब जब्त
CEC ने कहा कि चुनाव प्रबंधन निकायों को इन चुनौतियों के प्रबंधन के लिए एक रूपरेखा तैयार करनी चाहिए और उसे अपनाना चाहिए। राजीव कुमार ने कहा कि जैसे-जैसे टेक्नॉलॉजी विकसित होंगी, एआई महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कि एआई से चुनाव निकायों को मतदाता सूची को ठीक करने, अनियमितताओं का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस ने की 50 लाख की शराब जब्त
दिल्ली चुनाव से पहले सरकार के आबकारी विभाग ने पिछले 15 दिनों में अवैध शराब की करीब 50 लाख रुपये कीमत की 20,000 बोतलें जब्त की हैं। विधानसभा चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई अवैध शराब में 15,376 लीटर देशी और विदेशी शराब शामिल है। देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें jansatta.com का ब्लॉग
(भाषा के इनपुट के साथ)