शादी के बाद हनीमून के लिए कश्मीर पहुंचे नए नवेले दूल्हा-दुल्हन के बीच मोबाइल फोन विवाद की वजह बन गया। शादी हुई और दोनों ने प्लान किया कि वे कश्मीर जाएंगे, प्लान मन मुताबिक बन भी गया लेकिन दोनों को अंदाज़ा नहीं था कि इस सफर में हुआ झगड़ा शादी के टूटने की कगार तक पहुंच जाएगा। पूरा झगड़ा दूल्हे के मोबाइल से जुड़ा था, जिसे चेक करने के बाद दुल्हन को काफी गुस्सा आया और दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। हालांकि कश्मीर में तो सुलह हो गई लेकिन वहां से लौटने के बाद दुल्हन को काफी परेशान किया गया और शादी टूटने की कगार पर आ गई। 

क्या है पूरा मामला? 

यह पूरा मामला उत्तराखंड के हरिद्वार का है। बात तब सुर्खियों में आई कि जब दुल्हन थाने पहुंची। उसने रोते हुए पुलिस को पूरा मामला बताया।

दुल्हन ने मोबाइल में क्या देखा, इस बारे में भी जानकारी दी। उसने कहा कि हमारे जीवन में सब बेहतर था। लेकिन मैंने हनीमून के दौरान देखा कि मेरे पति हमेशा मोबाइल पर किसी से बात करते रहते हैं। दुल्हन ने कहा,”जब मैंने उनसे पूछा कि वह किससे बात करते हैं तो उन्होंने कहा कि वह अपने दोस्तों से बात करते हैं। लेकिन एक दिन जब वह बाथरूम गए तो मैंने उनका मोबाइल देखा, वह एक लड़की से बातें कर रहे थे। दोनों ने बहुत अजीब बातें की हुई थी। कॉल पर भी उनकी काफी बातें होती थीं। मैं समझ गई थी कि उनका उस लड़की के साथ अफेयर था।”

घर आने के बाद भी बंद नहीं हुई हरकतें

पत्नी ने कहा कि कश्मीर में झगड़े के बाद मैंने उन्हें माफ कर दिया था लेकिन घर आने के बाद भी उनकी हरकतें बंद नहीं हुई। मैंने जब उन्हें मना किया तो मेरी पिटाई की गई और सास-ससुर भी उनकी तरफ ही थे। पत्नी के मुताबिक वह फिलहाल अपने मायके में है और उसे कई दिन से कोई लेने नहीं आया है। ससुराल पक्ष की ओर से उसे कॉल आया था लेकिन उसे बुलाए जाने को लेकर तब भी कुछ नहीं कहा गया और दहेज की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस के पास यह शिकायत पहुंची है और मामले की जांच जारी है।