भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश की ओर से गुरुवार को दिल्ली में पार्टी के तीस सांसद करीब दिल्ली के चारों कोनों में प्रचार अभियान शुरू करेंगे। छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र के साथ-साथ दिल्ली के भी तीन सांसद गुरुवार को जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

सांसद प्रवेश वर्मा अपने पैतृक गांव मुंडका में तो मुंबई के लोकप्रिय सांसद किरीट सोमैया रोहिणी मध्य में सभाओं में जाएंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजना ज्योति गोल मार्केट में तो बिहार से पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के निगम चुनाव क्षेत्र मालवीय नगर में जनसभा में भाग लेंगे।

मुसलिम बहुल ओखला में कोटा राजस्थान से सांसद ओम बिरला तो अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम हरकेश नगर जाएंगे। गुजरात से सांसद दीप सिंह राठौर ख्याला में, तो बिहार से सांसद जनक राम सावन पार्क सुरक्षित वार्ड में जनसभा को संबोधित करेंगे। सांसद मीनाक्षी लेखी अपने ही चुनाव क्षेत्र कस्तूरबा नगर में सभा को संबोधित करेंगी तो भदोई के सांसद वीरेंद्र सिंह बुराड़ी में लोगों से संवाद स्थापित करेंगे।

गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा की सदस्यता अभियान से जुड़ी एक बड़ी बैठक का आयोजन किया गया है जिसमें दिल्ली के सभी 14 जिलों के प्रमुख अल्पसंख्यक कार्यकर्त्ता शामिल होंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय और अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष आतिफ रशीद कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करेंगे।