कोरोना विषाणु महामारी के दौर में देश के विभिन्न शहरों में स्थगित की गई मेट्रो सेवाएं सोमवार को फिर से बहाल होना शुरू हो गईं। कोच्चि, हैदराबाद, लखनऊ, दिल्ली और नोएडा में फिर से पटरी पर लौटी मेट्रो ट्रेनों में सफर करने को लेकर यात्रियों में हिचक साफ नजर आई। लिहाजा ज्यादातर मेट्रो ट्रेनें खाली चलीं।

पहले चरण में दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) की यलो लाइन ने दो पालियों में सुबह शाम चार-चार घंटे सेवाएं दीं। आज 15500 यात्रियों ने यात्रा की। वहीं, एक्वा लाइन पर पहले दिन आठ ट्रेन ने 72 फेरे लगाए। दो मेट्रो को रिजर्व (स्टैंडबाइ) रखा गया। सुबह सात बजे से शुरू हुई पहली पाली में 11 बजे तक 200 मुसाफिरों ने यात्रा की। इस दौरान सभी 29 स्टेशन खोले गए लेकिन कई स्टेशनों पर मुसाफिर नहीं आए। कई पर इनकी संख्या काफी कम रही।

डीएमआरसी की ओर से आने वाले पांच दिनों में यानी 12 सितंबर तक मेट्रो की अन्य ल् ााइनों पर भी चरणबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं चालू कर दी जाएंगी। समय के साथ बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर डीएमआरसी चरणबद्ध तरीके से लाइनें खोल रही है। सोमवार सुबह सात बजे लाइन नंबर दो यानी यलो लाइन पर हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली के लिए पहली गाड़ी रवाना हुई। सुबह सात बजे तो कम लोग पहुंचे लेकिन दिन चढ़ने के साथ यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी। ट्रेन में एक सीट छोड़ कर यात्री बैठाए गए थे और नियम पालन की हिदायत दी जा रही थी।

मेट्रो सेवा शुरू होने से यात्रियों में उत्साह दिखा। कुछ लाइनें बंद रहने से परेशानी भी नजर आई। और यह सोशल मीडिया पर भी जमकर छलका। कुछ यात्रियों ने कोरोना बढ़ने की आशंका को लेकर चिंता भी जाहिर की। राजीव चौक पर कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त था। यहां जहांगीर पुरी से आए यात्री विकास ने बताया कि प्रवेश व निकास मार्ग का पता नहीं था, जिससे समय अधिक लग गया। लेकिन वे मानसिक रूप से तैयार हो कर आए थे। कैब से गुरुग्राम जाने वाले यात्री महेश ने बताया कि उनके रोज तीन से साढ़े तीन सौ रुपए खर्च हो रहे हैं किराए में। मेट्रो चलने से बड़ी खुशी हुई लेकिन जब स्टेशन पर आए तो पता चला अब शाम को गाड़ी मिलेगी। हार कर आज भी कैब का सहारा लेना पड़ा।

नौ से ब्लू लाइन मेट्रो
एक्वा लाइन की शुरुआत के बाद नोएडा में नौ सितंबर से ब्लू लाइन व 11 सितंबर से मजेंटा लाइन पर मेट्रो चलेगी। ब्लू लाइन सेक्टर-15 से इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक है। यहां व्यस्त घंटे (पीक आवर) में सुबह 7 से 11 बजे तक और शाम को 4 से 8 बजे तक मेट्रो चलेगी। यानी ब्लू लाइन पर चार घंटे सुबह और चार घंटे शाम को मेट्रो चलेगी।

इसी तरह मेजेंटा लाइन पर मेट्रो छह-छह घंटे के लिए चलेगी। सुबह 7 से 1 बजे तक और शाम को 4 से रात 10 बजे तक मेट्रो चलेगी। तय किए गए समय के अलावा मेट्रो नहीं चलेगी। ब्लू लाइन 56.6 किलोमीटर लंबी है। इसका सेक्टर-15 से इलेक्ट्रानिक सिटी तक का हिस्सा नोएडा में आता है। जिसमें सेक्टर-15, सेक्टर-16, सेक्टर-18, बोटेनिकल गार्डन, गोल्फ कोर्स , सिटी सेंटर के अलावा सेक्टर-34, सेक्टर-52, सेक्टर-61, सेक्टर-59, सेक्टर-62 और नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन है। इस सेक्शन पर ब्लू लाइन है।

अनुशासन में दिखे लोग
नोएडा में यात्रियों ने नियमों का पालन करते हुए मेट्रो में सफर किया। स्टेशन पर बने पदचिन्हों पर ही लोग खड़े दिखे व मेट्रो के अंदर एक्स के निशान वाली सीटें खाली रखी गईं। सभी मुसाफिरों का प्रवेश द्वार पर तापमान लिया गया। उनके हाथों को संक्रमणमुक्त भी किया गया। इसके बाद उन्हें स्टेशन के अंदर प्रवेश दिया गया।

सफर करने वाले अधिकांश मुसाफिरों ने स्मार्ट कॉर्ड का प्रयोग किया। प्रत्येक ट्रिप के बाद मेट्रो ट्रेन को संक्रमणमुक्त किया गया। एनएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक एक दो दिन बाद मुसाफिरों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। स्कूल व कॉलेज बंद होने के चलते भी संख्या कम रही।