Droupadi Murmu 15th President of India Oath Ceremony Updates In Hindi: भारत गणराज्य की नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज शपथ ली। भारत के मुख्य न्यायधीश एनवी रमणा ने द्रौपदी मुर्मू को शपथ दिलवाई। शपथ लेने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आजाद भारत में पैदा होने वाली मैं पहली राष्ट्रपति बन गईं हूं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह के बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने के साथ, मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बन गई हैं। द्रौपदी मुर्मू को सुबह ही राष्ट्रपति भवन की गाड़ियां राजघाट ले जाने के लिए पहुंची और फिर वह राजघाट के लिए रवाना हुईं। वहीं अमित शाह ने कहा है कि बीजेपी जनजातीय समाज के उत्थान के प्रति संकल्पित है।
शपथ ग्रहण समारोह संसद के सेंट्रल हॉल में संपन्न हुआ। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 10.03 बजे संसद भवन पहुंचे। जहां उनका राज्य सभा के सभापति, लोकसभा अध्यक्ष और भारत के मुख्य न्यायाधीश द्वारा स्वागत किया गया।
सुबह 10.14 बजे भारत के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमणा ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलवाई। सुबह 10.18 बजे नई राष्ट्रपति ने शपथ रजिस्टर पर हस्ताक्षर किया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य, भारत सरकार के नागरिक और सैन्य अधिकारी शामिल हुए। नए राष्ट्रपति द्वारा गृह सचिव को इसे समाप्त करने की अनुमति देने के बाद समारोह समाप्त हो गया।
सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह शुरू होते ही संसद टीवी पर इसका सीधा प्रसारण होना शुरू हो गया। द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने वाली दूसरी महिला हैं। उनसे पहले यूपीए शासन के समय प्रतिभा देवी सिंह पाटिल राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित हुईं थीं।
Droupadi Murmu Presidential Oath Ceremony Live Updates: द्रौपदी मुर्मू आज लेंगी राष्ट्रपति पद की शपथ। पढ़िए पल-पल के लाइव अपडेट्स…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बहुत बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि आपका कार्यकाल देश के गौरव को नई ऊंचाइयों पर ले जायेगा। आज का यह ऐतिहासिक दिन लोकतांत्रिक मूल्यों पर चल हर वर्ग के सशक्तिकरण और अंत्योदय का एक अप्रतिम उदाहरण है।”
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने शपथ ग्रहण के बाद अपने संबोधन में आशा और करुणा का संदेश दिया। उन्होंने भारत की उपलब्धियों पर जोर दिया और ऐसे समय में आगे के रास्ते की भविष्य दृष्टि प्रस्तुत की जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है।”
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “पूरे देश ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को गर्व के साथ देखा जब उन्होंने भारत के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। उनका राष्ट्रपति पद ग्रहण करना भारत के लिए विशेष रूप से गरीबों, हाशिए पर पड़े और दलितों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। मैं उन्हें एक उपयोगी राष्ट्रपति कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
देश की 15वीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी भी राष्ट्रपति भवन में मौजूद रहें।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “मुझे इस बात की संतुष्टि है कि जो लोग वर्षों से विकास से वंचित थे, (गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी) वह मुझे अपने प्रतिबिंब के रूप में देख सकते हैं। मेरे नामांकन के पीछे गरीबों का आशीर्वाद है। यह करोड़ों महिलाओं के सपनों और क्षमताओं का प्रतिबिंब है।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, “राष्ट्रपति पद पर पहुंचना मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, यह भारत के हर गरीब की उपलब्धि है। मेरा नामांकन इस बात का प्रमाण है कि भारत में गरीब न केवल सपने देख सकते हैं बल्कि उन सपनों को पूरा भी कर सकते हैं।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “मैं देश की पहली राष्ट्रपति हूं जिसका जन्म स्वतंत्र भारत में हुआ। स्वतंत्र भारत के नागरिकों के साथ हमारे स्वतंत्रता सेनानियों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हमें अपने प्रयासों में तेजी लानी होगी।”
नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है। भारत के मुख्य न्यायधीश एनवी रमणा ने मुर्मू को शपथ दिलवाई।
द्रौपदी मुर्मू शपथ लेने के लिए संसद भवन पहुंची हैं। संसद भवन में पीएम मोदी, उपराष्ट्रपति भी मौजूद।
निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। निर्वाचित द्रौपदी मुर्मू भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में आज शपथ लेंगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “भाजपा जनजातीय समाज के उत्थान के प्रति सदा संकल्पित रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पहली बार इस वर्ग से राष्ट्रपति बनना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।”
निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उनकी पत्नी सविता कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी।
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सुबह जब राजघाट के लिए रवाना हुईं, उस समय उनके आवास पर राष्ट्रपति भवन की गाड़ियां खड़ी थीं। राष्ट्रपति भवन की गाड़ी से वह राजघाट के लिए रवाना हुईं।
निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने आवास से राजघाट के लिए रवाना हुईं। आज वह संसद के सेंट्रल हॉल में देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी।
देश की निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के सेंट्रल हॉल में शपथ लेंगी। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमणा उन्हें शपथ दिलाएंगे।
राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया है। उन्हें पहली वरीयता के 2824 वोट मिले, जिनका मूल्य 6,76,803 वोट था, जबकि सिन्हा केवल 1,877 प्रथम वरीयता वोट प्राप्त करने में सफल रहे, जिसका मूल्य 3,80,177 था। तीसरे दौर की मतगणना के बाद मुर्मू ने बहुमत का आंकड़ा (5,28,491) पार कर लिया और इतिहास रचते हुए पहली आदिवासी महिला बनीं जो देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होंगी।