Dharmasthala Whistleblower Arrest News: कर्नाटक के धर्मस्थल में कई शवों को दफनाने केस में नया मोड़ आया है। इस मामले में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने शिकायतकर्ता को गिरफ्तार किया है। इसी ने धर्मस्थल में कई हत्याओं, बलात्कारों और शवों को दफनाने का आरोप लगाया था। एसआईटी के चीफ प्रणव मोहंती ने शुक्रवार देर रात आरोपी से पूछताछ की थी और शनिवार की सुबह उसे अरेस्ट कर लिया गया।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने गिरफ्तारी की पुष्टि की और कहा कि शिकायतकर्ता को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। शिकायतकर्ता एक पूर्व सफाई कर्मचारी है। उसने दावा किया कि उसने 1995 से 2014 तक इस क्षेत्र में काम किया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे धर्मस्थल में महिलाओं और नाबालिगों सहित कई शवों को दफनाने के लिए मजबूर किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ शवों पर यौन उत्पीड़न के निशान थे। उन्होंने इस संबंध में मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दिया था।
इस घटनाक्रम से ठीक पहले द इंडियन एक्सप्रेस ने खबर दी थी कि एक महिला ने 2003 में अपनी बेटी के धर्मस्थल से लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। उसने अब कहा है कि उसका बयान मनगढ़ंत था। कुछ घंटों बाद उसने फिर से अपना बयान बदल दिया और आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उसे न्याय दिलाने में मदद का वादा किया था, जिसके बाद उसे ये बयान देने के लिए मजबूर किया गया।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक के धर्मस्थल मामले में रुह कंपाने वाला खुलासा
कर्नाटक सरकार ने एसआईटी का किया था गठन
कर्नाटक सरकार ने 19 जुलाई को एसआईटी का गठन किया। उसने 16 जगहों की खुदाई की। इस दौरान दो कंकाल मिले और ह्यूमन डीएनए की मौजूदगी की जांच के लिए सभी जगहों से मिट्टी के सैंपल लिए गए। पुलिस के सूत्रों ने संकेत दिया था कि तलाशी अभियान को जल्द से जल्द बंद कर दिया जाएगा क्योंकि कोई खास नतीजा नहीं निकला है।
कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने क्या कहा?
धर्मस्थल शिकायतकर्ता की गिरफ्तारी पर कर्नाटक के डीसीएम डीके शिवकुमार ने कहा, “हम न तो उनके (धर्मस्थल) पक्ष में हैं और न ही उनके खिलाफ। हम न्याय के पक्ष में हैं। हम सिर्फ इतना कह रहे हैं कि धर्म के मामलों में राजनीति नहीं करनी चाहिए। धर्मस्थल के कथित पीड़ितों के परिवार ने मुख्यमंत्री से आकर बात की और कहा कि अच्छी बात है कि उन्होंने एसआईटी का गठन किया। जांच चल रही है। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने सदन में और सीएलपी की बैठक में कहा है कि हमारी सरकार कार्रवाई करेगी, चाहे जो भी दोषी हो।”
ये भी पढ़ें: धर्मस्थल को लेकर बीजेपी विधायक ने कांग्रेस सांसद को बताया प्रोपेगेंडा का मास्टरमाइंड