देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सपनों का शहर कहा जाता है। लोग अपने सपने पूरे करने के लिए मुंबई आते हैं। कई इसमें सफल होते हैं तो कई असफल भी रह जाते हैं। ऐसे ही सफलता की कहानी धारावी से आई है। धारावी एशिया का सबसे बड़ा स्लम एरिया है। वहीं इसी धारावी की एक लड़की लग्जरी ब्यूटी ब्रांड की ब्रांड एंबेसडर बनी है।
धारावी में रहने वाली 14 साल की मलीशा खारवा को लग्जरी ब्यूटी ब्रांड फॉरेस्ट एसेंशियल्स ने अपने नए कैंपेन “द युवती कलेक्शन” का ब्रांड एंबेसडर चुना है। बता दें कि मलीशा खारवा के इंस्टाग्राम पर दो लाख से अधिक फॉलोअर हैं और वह महज 14 साल की हैं।
मलीशा खारवा की किस्मत साल 2020 में बदली, जब बॉलीवुड के एक्टर रॉबर्ट हॉफमैन की नजर उन पर पड़ी। मलीशा खारवा आज किसी स्टार से कम नहीं है और इनकी कहानी भी दिलचस्प है। हॉलीवुड एक्टर मुंबई में एक गाने की शूटिंग के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनकी मुलाकात मलीशा से हुई थी। मलीशा के लिए उन्होंने एक इंस्टाग्राम अकाउंट भी खोला, जिस पर आज 2,25,000 से अधिक फॉलोअर हैं।
मलीशा शॉर्ट फिल्म में काम कर चुकी हैं। फॉरेस्ट एसेंशियल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो रिलीज किया, जिसमें मलीशा को उनके स्टोर में एंट्री लेते हुए देखा जा सकता है। क्लिप को साझा करते हुए फॉरेस्ट एसेंशियल्स ने लिखा, “अपने सपनों को सामने देखकर एक लड़की का चेहरा खुशी से चमक उठा है।”
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को काफी ज्यादा शेयर किया जा रहा है और 4 लाख से अधिक लाइक भी आ चुके हैं। मलीशा अकसर अपने इंस्टा पोस्ट पर #PrincessFromTheSlum लिखती हैं। मलीशा ने अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की और कहा कि ये उनकी लाइफ का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि वह पढ़ाई के साथ मॉडलिंग का काम करना चाहती हैं, लेकिन पढ़ाई उनके लिए सबसे पहले रहेगी।
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, “यह देखकर बहुत खुशी हुई और ब्रांड के लिए तालियां। हमारे देश में सांवली लड़कियों को सौंदर्य ब्रांडों को बढ़ावा देने के लिए कभी नहीं चुना जाता था, अब समय बदल गया है। वह बहुत खूबसूरत हैं।”