Jharkhand Election 2024 Result: झारखंड में विधानसभा चुनाव के नजीतों में इंडिया गठबंधन को जीत मिली है। बीजेपी आक्रामक चुनाव प्रचार के बावजूद कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। हालांकि झारखंड की धनबाद सीट पर बीजेपी के राज सिन्हा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अजय कुमार दुबे को 48 हजार से ज्यादा वोटों से शिकस्त की है। वर्ष 2000 में बिहार से अलग होकर झारखंड एक अलग राज्य बना। झारखंड राज्य के गठन से लेकर अब तक सूबे में 5 विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं।
लगातार तीसरी बार बने विधायक
राज सिन्हा की राजनीति में एंट्री भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर हुई। उन्होंने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। बीजेपी आलाकमान ने उन्हें इस बार भी धनबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा। इस भरोसे पर राज सिन्हा खरे उतरे और उन्होंने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। 2014 और 2019 के चुनाव में भी वह रिकॉर्ड वोट से जीते थे।
2014 और 2019 में कांग्रेस नेता मन्नान मल्लिक को हराया
जब 2014 में विधानसभा चुनाव हुए तो भारतीय जनता पार्टी ने युवा नेता राज सिन्हा को धनबाद विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा था। जब चुनाव परिणाम सामने आए तो राज सिन्हा ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के नेता मन्नान मल्लिक को 50 हजार से अधिक वोटों से मात दी। इसके बाद 2019 में एक बार फिर से भाजपा आलाकमान ने राज सिन्हा पर भरोसा जताया और इस बार भी उन्होंने आलाकमान को निराश नहीं किया और दोबारा मन्नान मल्लिक को 30 हजार से अधिक वोटों से हराया। अब 2024 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने तीसरी बार राज सिन्हा पर अपना विश्वास जताया था और उन्होंने विश्वास को न तोड़ते हुए हैट्रिक लगा डाली।
जनता से जुड़कर उनके मुद्दों को उठाया
दरअसल, भाजपा नेता राज सिन्हा ने शुरुआती दौर से ही स्थानीय जनता से जुड़कर उनके मुद्दों को उठाया है, चाहे वह मजदूरों के हक की लड़ाई हो, पर्यावरण संरक्षण की बात हो, क्षेत्र के बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता हो या फिर बिजली, स्वच्छ पानी और सड़क की बात हो। उनका एक ही उद्देश्य रहता है कि क्षेत्र के विकास में जो भी बाधाएं आ रही हैं उसे तत्काल प्रभाव से कैसे दूर किया जाए।