विमानन क्षेत्र के नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विमान यात्रियों के लिए कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करवाने के लिए सभी कंपनियों से शनिवार को कहा कि वे बार-बार चेतावनी के बाद भी सही से मास्क नहीं पहनने वाले लोगों को या तो उड़ानों से उतार दें या अगले तीन महीने तक उनकी हवाई यात्रा पर रोक लगा दें।

नियामक ने प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वाले यात्रियों को अनियंत्रित मानने का भी निर्देश दिया है। नियामक ने यह दिशानिर्देश ऐसे समय जारी किया है, जब देश के कुछ हिस्सों में कोरोना के मामले पुन: बढ़ने लगे हैं। इससे कुछ दिन पहले ही दिल्ली हाई कोर्ट ने विमानों में यात्रियों के ठीक से मास्क नहीं पहनने पर कड़ा रुख अख्तियार किया था। अदालत ने सभी विमानन कंपनियों और डीजीसीए को दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन कराने के लिए कहा था।
डीजीसीए ने शनिवार को जारी एक परिपत्र में हवाईअड्डा परिचालकों से भी कहा कि वे यात्रियों के द्वारा सही से मास्क पहनने तथा सामाजिक दूरी का पालन किया जाना सुनिचित करें। नियामक ने कहा कि ऐसा संज्ञान में आया है कि हवाई यात्रा करने वाले कई यात्री कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल का सही से पालन नहीं कर रहे हैं। इसमें सही से मास्क नहीं पहनना भी शामिल है।

डीजीसीए ने कहा कि यदि कोई यात्री बार-बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी ठीक से मास्क नहीं पहनता है, तो उसे उड़ान से उतार दिया जाना चाहिए। विमान के उड़ान भरने के बाद यदि कोई यात्री मास्क सही से नहीं पहनता है या सामाजिक दूरी का पालन नहीं करता है, तो उसे अनियंत्रित यात्री माना जाना चाहिए।

देश में संक्रमितों की संख्या 1.13 करोड़ से ज्यादा
भारत में चौबीस घंटे में कोविड-19 के 24,882 नए मामले सामने आए। यह एक दिन में इस साल मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही देश में अब तक कोरोना संक्रमित लोगों की कुल संख्या 1,13,33,728 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक नए मामलों की संख्या गत 83 दिन में सबसे अधिक है। इससे पहले 20 दिसंबर को 26,624 लोगों के 24 घंटे में संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक गत 24 घंटे में 140 कोविड-19 मरीजों की मौत हुई है जिन्हें मिलाकर अब तक देश में इस महामारी से 1,58,446 लोगों की जान जा चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक देश में इस समय 2,02,022 मरीज उपचाराधीन हैं जो कुल संक्रमितों का 1.74 फीसद है। वहीं, नए मामलों में बढ़ोतरी की वजह से मरीजों के ठीक होने की दर में भी गिरावट आई है और यह 96.82 फीसद पर पहुंच गई है।

मंत्रालय के मुताबिक देश में कोविड-19 से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 1,09,73,260 हो गई है। वहीं, संक्रमितों में मृत्युदर 1.40 फीसद है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्तूबर को 70 लाख, 29 अक्तूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ के पार चले गए थे।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के अनुसार, देश में अभी तक 22,58,39,273 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है। इनमें से 8,40,645 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई थी। मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में देश में 140 लोगों की मौत कोविड-19 से हुई है। इनमें सबसे अधिक 56 मरीजों की मौत महाराष्ट्र में हुई है जबकि पंजाब एवं केरल में क्रमश: 34 और 14 मरीजों की जान गई है।

शनिवार को 25 हजार से अधिक मामले
देश में कोरोना संक्रमण के मामले मध्य फरवरी से लगातार बढ़ रहे हैं। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य विभागों से जमा किए गए आंकड़ों के मुताबिक शनिवार रात दस बजे तक 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 25,037 नए मामले सामने आए। इससे पहले देश में 25 हजार से अधिक मामले पिछले साल 20 दिसंबर को दर्ज किए गए थे। उस दिन देश में 26,624 नए मामले दर्ज किए गए थे।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 15,602 नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 22,97,793 पहुंच गई। यहां सबसे अधिक 1,828 मामले नागपुर शहर में दर्ज किए गए।

महाराष्ट्र के बाद केरल में 2,035, पंजाब में 1,510, कर्नाटक में 921, गुजरात में 775, तमिलनाडु में 695, मध्य प्रदेश में 603, छत्तीसगढ़ में 543, हरियाणा में 424, दिल्ली में 419, पश्चिम बंगाल में 276, तेलंगाना में 216, राजस्थान में 201, आंध्र प्रदेश में 175, चंडीगढ़ में 144, जम्मू कश्मीर में 99, गोवा में 93, हिमाचल प्रदेश में 70, ओड़ीशा में 65, उत्तराखंड में 54, बिहार में 38, पुदुचेरी में 31 मामले सामने आए। लक्ष्यद्वीप में 16, असम में 14, मेघालय में छह, दादर नागर हवेली और दमन दीव में चार, नगालैंड में चार, त्रिपुरा में दो, मणिपुर में एक और सिक्किम में एक नए मामले दर्ज किए गए।