नागरिकता कानून में संशोधन के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन और उग्र हो गया है। रविवार को प्रदर्शनकारियों ने तीन बसों में आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद आग बुझाने के लिए दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। खबर है कि बसों में लगी आग बुझाने के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने गाड़ियों पर हमला कर दिया।

इससे पहले जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों और स्थानीय लोगों ने रविवार को जामिया नगर में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन किया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर बताया था कि प्रदर्शन की वजह से ओखला अंडरपास से सरिता विहार तक के रास्ते पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है।

जामिया नगर में आग से क्षतिग्रस्त बस।

घटना के बाद दिल्ली मेट्रो के सुखदेव विहार, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार और जसोला विहार शाहीन बाग स्टेशन में प्रवेश और बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई है। मेट्रो प्रशासन का कहना है कि इन स्टेशनों पर ट्रेन नहीं रुकेगी। यातायात पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के नजदीक मथुरा रोड को बाधित कर दिया।

जामिया नगर में आग बुझाते दमकलकर्मी।

वहीं सड़क बाधित होने की वजह से बदरपुर और आश्रम चौक से यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ दिया गया है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर उस समय युद्ध का मैदान बन गया जब विवादित संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए संसद मार्च करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हो गई। इससे पहले जामिया के छात्रों ने कालिंदी कुंज रोड पर नागरिकता कानून में संशोधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।