दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा हो सकता है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर 19 अगस्त तक 206 मीटर तक पहुंचने की आशंका है जो 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार कर जाएगा। केंद्रीय जल आयोग (CWC) द्वारा रविवार को जारी एक एडवाइजरी में यह बात कही गई है। शाम करीब सात बजे नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार करते हुए पुराने रेलवे पुल पर 204.60 मीटर के निशान पर पहुंच गया।

हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज में यमुना नदी का प्रति घंटा जलस्राव रविवार को इस मौसम में पहली बार 1,00,000 क्यूसेक की सीमा को पार कर गया। ऐसे में सीडब्ल्यूसी ने चेतावनी दी है कि मंगलवार तक जलस्तर में और भी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। दिल्ली के लिए यमुना का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है जबकि खतरे का स्तर 205.33 मीटर है और 206 मीटर पर लोगों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।

हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया 1 लाख क्यूसेक पानी

CWC की एडवाइजरी में में कहा गया है, “आज 17 अगस्त को हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी की मात्रा और ऊपरी यमुना क्षेत्र में भारी बारिश को देखते हुए यह सूचित किया जाता है कि दिल्ली रेलवे पुल पर जल स्तर 19 अगस्त 2025 को देर रात लगभग दो बजे 206.00 मीटर को पार कर सकता है।”

पढ़ें- उत्तर भारत में भारी बारिश और भूस्खलन से हालात गंभीर

सीडब्ल्यूसी ने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों से बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है। केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जल स्तर में वृद्धि का मुख्य कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाना है।’’ बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज से इस सीजन में सबसे अधिक मात्रा में लगभग 1,27,030 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है जबकि वजीराबाद से हर घंटे 45,620 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों बैराज से छोड़ा गया पानी आमतौर पर 48 से 50 घंटे में दिल्ली पहुंचता है।

यमुना का जल स्तर अगले 36 घंटों में खतरे के स्तर को पार कर जाएगा

साउथ एशिया नेटवर्क ऑन डैम्स, रिवर्स एंड पीपल के एसोसिएट कोओर्डिनेटर भीम सिंह रावत ने कहा, “हथिनीकुंड में यह इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक डिस्चार्ज है जो 14 अगस्त को दर्ज किए गए पिछले उच्चतम स्तर से लगभग तीन गुना अधिक है। इस अवधि के साथ, जल स्तर अगले 36 घंटों में खतरे के स्तर को पार कर जाएगा।” पढ़ें- मुंबई के विक्रोली में भारी बारिश से भूस्खलन, दो की मौत

(भाषा के इनपुट के साथ)