उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश के लिए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने उत्तर, सेंट्रल इंडिया और दिल्ली-एनसीआर में 8 और 9 जनवरी को बारिश की चेतावनी जारी की है।
इन इलाकों में हो सकती बारिश
अगर इन इलाकों में बारिश होती है तो ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 8 और 9 जनवरी को पश्चिमी हिमालय वाले क्षेत्र प्रभावित होंगे। इसके कारण दिल्ली और उत्तर पश्चिम भारत में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के भी कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
यूपी में तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट
साथ ही उत्तर प्रदेश में बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में उत्तर पश्चिम भारत में घना कोहरा छाएगा और ठंड बढ़ भी सकती है। मौसम विभाग के महानिदेशक महापात्र ने कहा कि अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बदलाव हो सकता है और कुछ हिस्सों में शीतलहर के कारण ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है तो वहीं अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने गुजरात और महाराष्ट्र में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि गुजरात में 8 और 9 जनवरी जबकि महाराष्ट्र में 7 से 9 जनवरी के बीच बारिश हो सकती है।
स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई
उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में ठंड के कारण स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई है। कक्षा आठवीं तक के बच्चों की छुट्टियां बढ़ाई गई है। नोएडा में भी छुट्टियां 13 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। गौतम बुद्ध नगर के सभी स्कूल 15 जनवरी को खुलेंगे। जिला प्रशासन का आदेश सीबीएसई, आईसीएसई समेत सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा।