Delhi Vidhan Sabha Election/Chunav Result 2020 : दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त का सामना करने वाली कांग्रेस ने जनादेश स्वीकार करते हुए दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी की जनता ने भाजपा के ‘विभाजनकारी और खतरनाक’ एजेंडे को पराजित किया है। पार्टी ने यह भी कहा कि वह दिल्ली में संगठन का नए सिरे से निर्माण करेगी और एक सजग विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की और भाजपा एवं आम आदमी पार्टी पर ध्रुवीकरण का आरोप लगाया। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटें मिली हैं जबकि बीजेपी को 8 सीटें मिली हैं। कांग्रेस पिछली साल की तरह इस साल भी खाता नहीं खोल पाई है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आप की जीत हुई, बेवकूफ बनाने तथा फेंकने वालों की हार हुई। दिल्ली के लोग, जो भारत के सभी हिस्सों से हैं, उन्होंने भाजपा के ध्रुवीकरण, विभाजनकारी और खतरनाक एजेंडे को हराया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल्ली के लोगों को सलाम करता हूं जिन्होंने 2021 और 2022 में अन्य राज्यों जहां चुनाव होंगे, उनके लिए मिसाल पेश की है।’’
कांग्रेस नेता एवं पंजाब के कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली में उनकी पार्टी हारी नहीं है, क्योंकि उसकी सीटें 2015 की भांति ही शून्य बनी हुई हैं, दरअसल यह तो भाजपा की हार है।उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव मतगणना के रुझानों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘ हम पहले शून्य थे, और अब भी शून्य हैं। इसलिए यह हमारी हार नहीं है। यह भाजपा की हार है।’’ मतगणना रुझान में दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल रही है। कांग्रेस ने 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी एक भी सीट नहीं जीती थी।इस बीच, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप के प्रदर्शन को ‘‘नफरत और गंदी राजनीति पर विकास के एजेंडे की जीत’’ करार दिया।
शाहीन बाग में सीएए विरोधी प्रदर्शन को बढ़-चढ़कर चुनावी मुद्दा बनाने वाले और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘आतंकवादी’ बताने वाले भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा के चाचा आजाद सिंह को मुंडका की जनता ने खारिज कर दिया। आम आदमी पार्टी के धर्मपाल लाकड़ा ने आजाद सिंह को पराजित किया। मुंडका विधानसभा क्षेत्र प्रवेश वर्मा के संसदीय क्षेत्र पश्चिमी दिल्ली के तहत आता है।
विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ने के बीच गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को कहा कि मतदाता केजरीवाल सरकार द्वारा चुनाव से पहले की गई लोकलुभावन घोषणाओं के प्रलोभन में आ गये होंगे।भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली में आप सरकार लोगों को प्रदूषण मुक्त हवा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में विफल रही है।सावंत ने उत्तरी गोवा जिले के पोंडा नगर में कहा, ‘‘हम जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं। हो सकता है, लोग ऐसी सरकार चाहते थे, जो उनके करों से ही मुफ्त की चीजें देती हो।’’
राकांपा प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को दावा किया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे इस बात के संकेत हैं कि देश में ''बदलाव की हवा'' चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मतदाताओं के ध्रुवीकरण की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रही। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी लगातार दूसरी बार धमाकेदार जीत की ओर बढ़ रही है। पवार ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिये क्षेत्रीय दलों को साथ आने की जरूरत है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख पवार ने पत्रकारों से कहा, ''दिल्ली चुनाव के नतीजे इस बात के संकेत हैं कि देश में बदलाव की हवा चल रही है। नतीजों ने मुझे हैरान नहीं किया।'' पूर्व केन्द्रीय मंत्री पवार ने कहा कि भाजपा ने हर बार की तरह इस बार भी वोटों के ध्रुवीकरण के लिये चुनाव को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रही।''
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना में आम आदमी पार्टी की बढ़त को विकास के एजेंडे की जीत करार देते हुए दावा किया कि भाजपा के सांप्रदायिक एजेंडे की हार हो गई है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता चौधरी ने कहा, 'यह चुनाव द्विदलीय हो गया। शायद यही वजह रही कि कांग्रेस को उम्मीद के मुताबिक वोट नहीं मिले।' उन्होंने कहा, 'दिल्ली में विकास के एजेंडे की जीत हुई है। सांप्रदायिक एजेंडे की पराजय हुई है।' वहीं राजद नेता मनोज झा ने कहा कि इस नतीजे का एक बड़ा संदेश है कि भाजपा को अब जहरीली राजनीति से बाज आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस नतीजे का संदेश बिहार और दूसरे राज्यों में भी जाएगा।
माकपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को शानदार प्रदर्शन के लिए पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली वालों ने भाजपा की नफरत और हिंसा की राजनीति को माकूल जवाब दिया है। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग के मतगणना के रुझानों के आधार पर आप 62 और भाजपा आठ सीटों पर आगे चल रही है। माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आप, अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की जनता को बधाई, जिसने भाजपा की नफरत और हिंसा की राजनीति को माकूल जवाब दिया है। गाली और गोली की भाषा बोल रहे केन्द्रीय मंत्रियों को जनता ने सही जवाब दिया है।’’ येचुरी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मतलब लोगों की जिंदगी, आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाना है। येचुरी ने कहा कि देश के आर्थिक संकट, बेरोजगारी और लोकतंत्र पर संकट के बारे में सवाल उठाने वालों को धमकाने वालों को चुनाव में जनता ने जवाब दे दिया है।
विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझान में भाजपा के लिये उम्मीद के मुताबिक परिणाम सामने नहीं आने पर पार्टी के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा चुनावी जीत को सहर्ष स्वीकार करती है और हारने पर जनादेश का सम्मान करती है। भाजपा के राज्यसभा सदस्य सिन्हा ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं को बताया, ‘‘भाजपा जीत को सहर्ष स्वीकार करती है, जब हम हारते हैं तो जनादेश का सम्मान करते हैं। दिल्ली में जो चुनाव परिणाम अभी तक आ रहे हैं हम उनका भी अभिनंदन करते हैं।’’
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक दोपहर 1:18 बजे तक की मतगणना के मतगणना के मुताबिक आप के 57 उम्मीदवारों ने बढ़त बना ली है जबकि भाजपा के 13 उम्मीदवार आगे हैं। पिछले चुनाव में एक भी सीट ना जीतने वाली कांग्रेस को भी इस बार खराब प्रदर्शन से जूझना पड़ रहा है।
विधानसभा चुनाव की मंगलवार को जारी मतगणना में रुझान दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने का संकेत दे रहे हैं। इससे ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को जीत का जश्न मनाने के दौरान पटाखे न जलाने की नसीहत दी थी। आप के कार्यकर्ता पार्टी का गीत ‘‘लगे रहो केजरीवाल’’ गा कर एक दूसरे को गले लगा रहे हैं और इस बात का पूरा ध्यान रख रहें हैं कि पार्टी नेता की बात खाली नहीं जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के आईटीओ मुख्यालय में मिठाइयों और नमकीन का आर्डर देने के अलावा बैंड बाजे की व्यवस्था जैसी तैयारियां चल रही हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को चल रही मतगणना में आम आदमी पार्टी (आप) 70 में से 58 सीटों पर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 12 सीटों पर आगे चल रही है। रुझान संकेत दे रहे हैं कि आप दोबारा सत्ता हासिल करने की राह पर है।
मतगणना केंद्र पूर्वी दिल्ली के सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, पश्चिम दिल्ली के एनएसआईटी द्वारका, दक्षिणपूर्वी दिल्ली के मीराबाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलोजी और जी बी पंत इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलोजी, मध्य दिल्ली में सर सी वी रमण आईटीआई, धीरपुर और उत्तरी दिल्ली के बवाना में राजीव गांधी स्टेडियम एवं अन्य स्थानों पर स्थापित किए गए हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को चल रही मतगणना में आम आदमी पार्टी (आप) 70 में से 58 सीटों पर वहीं भारतीय जनता पार्टी (भापजा) 12 सीटों पर आगे चल रही है। रुझान संकेत दे रहे हैं कि आप दोबारा सत्ता हासिल करने की राह पर है। निर्वाचन आयोग के आकड़ों से यह जानकारी मिली है। प्रारंभिक रुझान के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में चुनाव द्विदलीय हैं और कांग्रेस कहीं दूर दूर तक दिखाई नहीं दे रही। आप प्रमुख एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट पर करीब सात हजार मतों से आगे चल रहे हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनावी मैदान में हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केजरीवाल करीब 4000 वोटों से आगे चल रहे हैं। हरिनगर से भाजपा के तेजिंदर सिंह बग्गा पीछे चल रहे हैं। चांदनी चौंक से कांग्रेस की अलका लांबा पीछे हैं। बाबरपुर से आप के गोपाल राय आगे चल रहे हैं। इसी तरह करावलनगर से भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट आगे हैं। मुस्तफाबाद से कुछ देर पहले पीछे चल रहे भाजपा के जगदीश प्रधान ने एक बार फिर बढ़त बना ली है। वो करीब दस हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।
मॉडन टाउन सीट पर भाजपा के कपिल मिश्रा और आप के अखिलेश त्रिपाठी के बीच कड़ा मुकाबला है। चुनाव आयोग के मुताबिक कपिल मिश्रा 98 वोटों से आगे चल रहे हैं, उन्हें 4544 वोट मिले हैं। इसी तरह आप के अखिलेश को 4446 वोट मिले हैं। वोटों की गिनती जारी है।
सुबह दस बजे चुनाव आयोग के मुताबिक आप को करीब 50 फीसदी वोट मिले हैं जबकि भाजपा को 43 फीसदी वोट मिले हैं। सीटवार बात करें तो अभी आप 22 सीटों पर आगे है जबकि भाजपा 14 सीटों पर आगे है। कांग्रेस एक भी सीट पर बढ़त बनाती हुई नजर नहीं आती।
चुनाव आयोग के मुताबिक चार सीटों पर आप आगे है जबकि चार सीटों भाजपा ने बढ़त बना ली है। वोट फीसदी की बात करें तो अभी आप को 47 फीसदी तो भाजपा को 44 फीसदी वोट मिले हैं।
रुझानों में दिल्ली विधानसभा सीटों की स्थिति लगभग साफ हो चुकी है और आप ने बहुमत का आकंड़ा छू लिया है। इसी बीच चुनाव प्रचार में सरकार बनाने का दावा कर रही भाजपा बहुमत से काफी दूर नजर आती है। पार्टी महज 13 सीटों पर आगे हैं। बता दें कि दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान गृहमंत्री अमित दिल्ली में सरकार बनाने का दावा किया था। चुनाव में उन्होंने धारा-370, राममंदिर जैसे राष्ट्रीय मुद्दे खूब जोरशोर से उठाए मगर, दिल्ली को जनता से इसे नकार दिया।
दिल्ली मतगणना शुरू हो चुकी है और आप रुझानों में बहुमत के आंकड़ें से काफी आगे निकल गई है। भाजपा ने 13 सीटों पर बढ़त बना ली है। हालांकि भाजपा सांसद और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दावा किया है कि आज का दिन उनकी पार्टी के लिए अच्छा होगा। उन्होंने कहा, 'आज हम दिल्ली की सत्ता में वापसी कर रहे हैं। अगर हम 55 सीटें जीतते हैं तो आश्चर्यचकित न हों।'
मुंडका, रोहिणी, कृष्णा नगर, द्वारका, करावलनगर, नजफगढ़, मोतीनगर, दिल्ली कैंट से भाजपा आगे चल रही हैं। इसी तरह बल्लीमारान से कांग्रेस हारुन यूसुफ आगे चल रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। सभी 70 सीटों के शुरुआती रुझान भी आ चुके हैं। रुझानों में आप ने 54 सीटों पर बढ़त बना ली है। किसी भी पार्टी को दिल्ली में सरकार बनाने के लिए 36 सीटें जीतनी होंगी। इसी बीच भाजपा ने भी 15 सीटों पर बढ़त बना ली है। कांग्रेस ने एक सीट पर बढ़त बना ली है।
शुरुआती रुझान में आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया है और पार्टी 40 सीटों पर आगे चल रही है। इसी बीच भाजपा ने भी 15 सीटों पर बढ़त बना ली है। इसके अलावा हरिनगर से भाजपा के तेजिंदर सिंह बग्गा पीछे चल रहे हैं। मॉडल टाउन से भी भाजपा के कपिल मिश्रा पीछे चल रहे हैं।
मतगणना शुरू हो चुकी है और रुझान भी आने शुरू हो चुके हैं। शुरुआती रुझान के मुताबिक आप 15 सीटों पर आगे चल रही है जबकि भाजपा ने पांच सीटों पर बढ़त बना रखी है।
c
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने मतगणना शुरू होने से कुछ देर पहले न्यूज एजेंसी एएनआई से बात की। उन्होंने कहा कि वो नर्वस नहीं हैं। तिवारी ने कहा, 'मुझे पूरी उम्मीद है कि आज का दिन भाजपा के लिए बहुत अच्छा होगा। आज दिल्ली की सत्ता में वापसी कर रहे हैं। अगर हम 55 सीटें जीतते हैं तो आश्चर्यचकित न हों।'