Republic Day Parade, Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि गणतंत्र दिवस परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल के कारण गुरुवार को शहर के मध्य भाग में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा योजना उसी के अनुसार बनाने के लिये कहा है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि गुरुवार को आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल और गणतंत्र दिवस परेड का रूट एक ही होगा। परेड रिहर्सल सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और कर्तव्यपथ, सी-हेक्सागन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोल चक्कर, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग से होते हुए लाल किला पहुंचेगी। इसमें कहा गया है कि परेड के सुचारू संचालन के लिए मार्ग पर विस्तृत यातायात प्रतिबंधों को लागू किया जायेगा।
परेड के मार्ग की ओर जाने वाली कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि परेड के मार्ग की ओर जाने वाली कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसमें कहा गया है कि बुधवार शाम 6 बजे से गुरुवार को रिहर्सल खत्म होने तक विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर किसी भी तरह के यातायात की अनुमति नहीं होगी।
एडवाइजरी में कहा गया है कि गुरुवार सुबह 9.15 बजे से परेड के तिलक मार्ग को पार करने तक सी-हेक्सागन -इंडिया गेट यातायात के लिए बंद रहेगा। गुरुवार सुबह 10.30 बजे से तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर दोनों तरफ से यातायात की अनुमति नहीं होगी। इसमें कहा गया है कि लोगों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा योजना यातायात प्रतिबंधों के अनुसार बनाएं और सुबह 9.30 बजे से दोपहर एक बजे तक परेड मार्ग से बचें।
ड्रेस रिहर्सल के दौरान सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, उत्तरी दिल्ली से नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन या पुरानी दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं होगा, लेकिन उन्हें सलाह दी गई है कि वे संभावित देरी से बचने के लिए अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय ले कर चलें।
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, सिटी बसों की आवाजाही भी प्रभावित होगी और उनकी सेवाएं पार्क स्ट्रीट/उद्यान मार्ग, आराम बाग रोड (पहाड़गंज), कमला मार्केट गोल चक्कर, दिल्ली सचिवालय (आईजी स्टेडियम), प्रगति मैदान (भैरों रोड), हनुमान मंदिर (यमुना बाजार), मोरी गेट, आईएसबीटी-कश्मीरी गेट, आईएसबीटी-सराय काले खां और तीस हजारी अदालत पर समाप्त हो जाएंगी।
गाजियाबाद से शिवाजी स्टेडियम तक जाने वाली बसें नेशनल हाइवे-24, रिंग रोड से होकर भैरों रोड पर खत्म होंगी। एडवाइजरी में कहा गया है कि नेशनल हाइवे-24 से आने वाली बसें रोड नंबर 56 पर दाहिनी ओर मुड़ेंगी और आईएसबीटी-आनंद विहार पर समाप्त होंगी। गाजियाबाद की ओर से आने वाली बसों को मोहन नगर से भोपरा चुंगी की ओर वजीराबाद ब्रिज के लिए मोड़ दिया जाएगा।
एडवाइजरी के मुताबिक, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी भी भारी, मध्यम या हल्के माल ढुलाई और परिवहन वाहनों को बुधवार रात नौ बजे से परेड खत्म होने तक दिल्ली की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परामर्श में लोगों से कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के दिखने पर वे ड्यूटी पर तैनात नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना दें। पढ़ें- देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स
(इनपुट-भाषा)