उत्तर प्रदेश में योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार आने के साथ ही महिलाओं के खिलाफ होने अपराधों को रोकने के लिए एंटी रोमिया स्क्वैड का गठन किया। इसका उद्देश्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों को पकड़ना है। अब यूपी की तर्ज पर ही दिल्ली पुलिस भी राज्य में एंटी रोमियो स्क्वैड का गठन करने पर विचार कर रही है। दिल्ली पुलिस की इस स्पेशल फोर्स का नाम अलग होगा। न्यूज 18 ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया कि दिल्ली पुलिस की महिला स्क्वैड का नाम “शक्ति वाहिनी” रखे जाने की सबसे ज्यादा संभावना है, लेकिन आखिरी फैसला अभी होना बाकी है। यूपी की तर्ज पर वुमैन स्क्वैड बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने सरकार को प्रस्ताव भेजा है।

इस ऑपरेशन के तहत महिला पुलिस स्कूटर से शहर के भीड़ भरे इलाकों में गश्त करेगी। इसके अलावा वुमैन स्क्वैड में तैनात महिला पुलिस कर्मियों को पिस्टल चलाने की ट्रेनिंग, टू-व्हीलर चलाना और आपराधिक कानून में एक त्वरित कोर्स जैसे चीजों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने इससे पहले भी महिलाओं के खिलाफ फब्तियां कसने और छेड़खानी करने वालों से निपटने के लिए ‘ऑपरेशन शिष्टाचार’ शुरू किया था। इसके तहत कोई भी कहीं भी महिलाओं पर फब्तियां कसता है या फिर छेड़खानी करता है तो उसे ऑन द स्पॉट यानी उसी जगह पर शिष्टाचार सिखाया जाता था। पहले जमकर धुनाई होती थी फिर थाने की हवा खिलाई जाती। पुलिस ने इसके लिए ट्रेनिंग कर रही महिला पुलिसकर्मियों की कई टीमें बनाई थी। जिनकी तैनाती,बस अडडों, रेलवे स्टेशनों, बाजार और डीटीसी की बसों में की गई।

गौरतलब है कि मनचलों को सबक सीखाने के लिए एंटी रोमियो स्कवैड शुरू की गई। हालांकि स्क्वैड द्वारा कपल्स को परेशान करने की खबरें भी सामने आई। जिसके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने यूपी पुलिस को हिदायत दी कि वे महिला सुरक्षा के नाम पर कपल्स को परेशान ना करें। योगी ने अपने प्रधान सचिव को एंटी रोमियो स्क्वैड के लिए गाइड लाइन्स तैयार करने के लिए कहा है। योगी आदित्य नाथ ने शुक्रवार (24 मार्च) को पुलिस को सलाह देते हुए कहा, ‘अगर एक लड़का और लड़की अपनी मर्जी से एक साथ हैं तो फिर उन लोगों को परेशान ना किया जाए।’ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने घोषणा पत्र में एंटी रोमियो स्क्वैड बनाने का वादा किया था ताकि महिलाओं के साथ होने वाली छेड़खानी और अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।