Delhi Police New Head Quarter, Amit Shah: देश की राजधानी दिल्ली की पुलिस को गुरुवार (31 अक्टूबर) को अपना नया मुख्यालय मिलने जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लुटियंस जोन में स्थित 17 मंजिल इमारत का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी भी समारोह में मौजूद रहेंगे। बता दें कि यह आयोजन स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 144वीं जयंती पर होगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
44 साल बाद मिला नया मुख्यालय: दिल्ली पुलिस को 44 साल बाद नया मुख्यालय मिल रहा है। अभी उसका मुख्यालय आयकर कार्यालय (आईटीओ) क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी बिल्डिंग में है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक, विशेष पुलिस आयुक्त और संयुक्त आयुक्त रैंक के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ गुरुवार को मध्य दिल्ली में जय सिंह मार्ग पर बने नए भवन में शिफ्ट होंगे।
तमाम खूबियों से है लैस: पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अत्याधुनिक इमारत निजी-सार्वजनिक भागीदारी मॉडल पर विकसित की गई है और यह भूकंप प्रतिरोधी है। इसमें एक सभागार है और इसमें एक पुलिस संग्रहालय भी होगा। अधिकारियों ने कहा कि इमारत में 1,000 कारों की पार्किंग क्षमता होगी और इसमें कई आवासीय फ्लैट भी बनाए गए हैं।
यह है इतिहास: अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली पुलिस का पहला मुख्यालय अंग्रेजों के शासकाल में 1912 में कश्मीरी गेट पर बना था। आजादी के बाद, 1970 के दशक में मुख्यालय पीडब्ल्यूडी बिल्डिंग में स्थानांतरित किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यालय कश्मीरी गेट से 1975-76 में आईटीओ क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया था। इस नई बिल्डिंग के बारे में बताया जा रहा है कि ये स्विट्जरलैंड पुलिस मुख्यालय की तर्ज पर बनी है।