भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा को शुक्रवार सुबह पंजाब पुलिस ने दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया था। दूसरी तरफ, बग्गा को गिरफ्तार कर पंजाब ले जा रही पुलिस को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया। काफी देर तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पंजाब पुलिस ने बग्गा को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है। बग्गा को गिरफ्तार करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने अपहरण का केस भी दर्ज किया है। यह केस पंजाब पुलिस के उन जवानों पर किया गया है जो बग्गा को गिरफ्तार करने आए थे।

पंजाब पुलिस के काफिले को कुरुक्षेत्र के पास हरियाणा पुलिस द्वारा रोक लिया गया। बग्गा को गिरफ्तार करने के बाद पंजाब पुलिस उनको मोहाली लेकर जा रही थी। हरियाणा पुलिस का कहना था कि दिल्ली पुलिस के निर्देश पर पंजाब पुलिस को रोका गया है। पंजाब पुलिस की टीम से कुरुक्षेत्र में पूछताछ की गई।

इस मामले में पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “उनको वेरिफिकेशन करना है और कर लेने दीजिए।” बग्गा के पिता द्वारा लगाए गए दुर्व्यवहार के आरोपों पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनके पास वीडियो फुटेज उपलब्ध है, जिसके जरिए सत्यता की पुष्टि की जा सकती है।

भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल बदले की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस ने बग्गा का अपहरण किया है। पार्टी ने कहा कि पंजाब पुलिस ने गैरकानूनी काम किया है।

भाजपा के आरोपों पर आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में शांति बनाए रखने के लिए काम कर रही है। जनता देख रही है कि दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस ऐसे गुंडों को बचाने की कोशिश कर रही है। आप विधायक ने कहा कि जांच में सहयोग न करने पर पुलिस ने बग्गा को गिरफ्तार किया है।

सीएम केजरीवाल के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन

वहीं, दिल्ली में बग्गा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने सीएम अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तजिंदरपाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा के कार्यकर्ता जनकपुरी थाने के बाहर जमा हो गए और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

पुलिस पर पगड़ी तक न पहनने देने का आरोप

दूसरी तरफ, बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा ने पंजाब पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह 10-15 पुलिसकर्मी हमारे घर आए और तजिंदर को घसीटकर बाहर ले गए। प्रीतपाल सिंह बग्गा ने कहा कि जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो, पुलिस उन्हें दूसरे कमरे में ले गई और उनके चेहरे पर मुक्का जड़ दिया। आरोप है कि तजिंदरपाल सिंह बग्गा को पुलिस ने पगड़ी भी नहीं पहनने दी।