आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 ज्यादा 8.6 रिकॉर्ड किया गया है जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 16.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 6 दिनों तक मौमस में ज्यादा ठंडक रहने का अनुमान है।
9 से 13 जनवरी तक घने कोहरे से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान सुबह के वक्त मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने से थोड़ी परेशानी उठानी पड़ सकती है। हवा में नमी का स्तर 70 से 95 फीसदी के बीच बने रहने की संभावना जताई गई है। 8 से 13 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री के बीच बना रह सकता है। न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है। 8 और 12 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तो 9, 11 और 13 जनवरी को यह 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हो सकता है।
दिल्ली का AQI
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार की सुबह वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ और यह खराब श्रेणी में आ गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार आज सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 276 दर्ज किया गया, जबकि बुधवार की सुबह यह 336 था। बुधवार को दिल्ली की 24 घंटे की औसत वायु गुणवत्ता 289 थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शहर में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.1 डिग्री कम है। इसके अनुसार अधिकतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को घने कोहरे का पूर्वानुमान जताया है।
पढ़ें- दिल्ली की हवा में मामूली सुधार
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर जारी है और बृहस्पतिवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। हालांकि राजधानी जयपुर में दो दिन बाद धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। मौसम केंद्र जयपुर ने बताया कि बीते चौबीस घंटे में राज्य में अनेक जगह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी कुछ दिन कुछ भागों में सुबह के समय घना कोहरा और कोल्ड डे दर्ज होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
इन राज्यों में बढ़ेगी ठंड
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिन हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई हिस्सों में शीत लहर का पूर्वानुमान जताया। जम्मू-कश्मीर में भद्रवाह के आसपास ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। पंजाब सरकार ने राज्य में ठंड के मौसम को देखते हुए सभी स्कूलों में शीतकालीन छुट्टियां 13 जनवरी तक बढ़ा दी हैं। एक दिन पहले, राजस्थान के कई जिलों ने शीतकालीन अवकाश को बढ़ाने की घोषणा की थी, और उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में अधिकारियों ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया था।
पढ़ें- दिल्ली में अभी और सताएगी ठंड, 2 से 3 डिग्री गिरेगा पारा
(भाषा के इनपुट के साथ)
