Delhi NCR Weather: देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 अक्टूबर तक ऐसा ही मौसम रह सकता है। IMD के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। पारा सामान्य से 3-4 डिग्री तक कम रह सकता है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के अलावा दक्षिणी राज्य केरल और तमिलनाडु में भी दो दिन तक भारी बारिश का अनुमान जताया है।
दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में बारिश के कारण ठंड बढ़ेगी। दिन में लोगों को धूप के कारण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन रात में ठंड का एहसास हो रहा है। बारिश के कारण पारा 3-4 डिग्री और गिरेगा। इसके कारण अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
अन्य राज्यों का कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद निचले क्षोभमंडल स्तर पर हिमालय से आने वाली शुष्क हवाओं के उत्तर-पश्चिम भारत में प्रबल होने की संभावना है। 17 अक्टूबर से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है। एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस हिमालय के करीब पहुंच गया है। इसके कारण यह बारिश और बर्फबारी के रूम में सामने आएगा।
पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों पर उंचाई में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सप्ताह जम्मू-कश्मीर, लेह लद्दाख, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु समेत अन्य कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इनपुट – एजेंसी