राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दो दिन 7 और 8 जनवरी के लिए दिल्ली में ठंड और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली तेज हवाएं ठिठुरन बढ़ा सकती हैं। आईएमडी ने बताया कि 7-8 जनवरी के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

दोपहर में हवाओं की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि सुबह और शाम के समय यह 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा।

दिल्ली और उत्तरी राज्यों में अभी और सताएगी ठंड

पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी है साथ ही ठंडी हवाएं भी तेजी के साथ नीचे की ओर चल रही हैं, जिससे मैदानी इलाके में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने वाला है। आईएमडी ने आगामी तीन-चार दिनों तक घने कोहर और शीतलहर के चलते उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकतर राज्यों में दो से तीन डिग्री तापमान गिरने के साथ ही येलो अलर्ट जारी किया है।

पढ़ें- दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, जानें इस हफ्ते कैसी रहेगी एयर क्वालिटी

आईएमडी का कहना है कि अधिकतर राज्यों में 9-10 जनवरी तक लगातार दो से तीन डिग्री पारा नीचे आएगा। दिन के समय हल्की धूप तो दिखेगी लेकिन सुबह- शाम के समय तापमान तेजी से नीचे गिरेगा। खासकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी है। इसके पीछे की वजह आईएमडी ने हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को बताया है, हालांकि उसका असर पहाड़ों तक सीमित रहेगा और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी व कुछ जगहों पर हल्की बारिश के भी आसार हैं लेकिन इसके चलते मैदानी क्षेत्रों में तापमान गिरेगा।

पंजाब-हरियाणा में घने कोहरे की संंभावना

पहले से ही शीतलहर और कोहरे की मार झेल रहे पंजाब-हरियाणा में भी 9 जनवरी तक शीतलहर और घने कोहरे की संंभावना जताई गई है। मंगलवार को हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान सर्वाधिक कम 4.5 डिग्री रहा। पंजाब का भटिंडा सर्वाधिक ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया और चंडीगढ़ में 7.7 डिग्री रहा। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाके में भी शुष्क हवाओं का असर देखने को मिलेगा।

पश्चिमी क्षेत्र को जहां घने कोहरे से राहत मिलती दिख रही है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में कोल्ड डे की आशंका है। साथ ही गंगा के मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बहुत घना हो सकता है। वहीं कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार मंगलवार को गुलमर्ग सर्वाधिक ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 8.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर में बर्फबारी

पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार रात को मुगल रोड और गांदरबल के ऊपरी इलाकों सहित कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हुई, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री नीचे रहा, पहलगाम में पारा शून्य से 6.8 डिग्री, काजीगुंड में शून्य से तीन डिग्रीख, कोकेरनाग में शून्य से दो डिग्री व कुपवाड़ा में शून्य से 3.1 डिग्री नीचे रहा। घाटी में फिलहाल ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है।

राजस्थान में शीतलहर का असर

राजस्थान में भी कड़ाके की सर्दी से राज्य के कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। जिसके चलते जयपुर सहित अनेक जिलों के स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं। आइएमडी ने आगामी तीन-चार दिनों में तापमान में ओर गिरावट आने की संभावना जताई है। राज्य के अनेक इलाकों में लगातार शीत लहर और कोल्ड डे दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान डूंगरपुर में 3.0 डिग्री सेल्सियस, सिरोही में 4.1 डिग्री, माउंट आबू में 4.4 डिग्री, पाली में 4.7 डिग्री, गंगानगर में 5.1 डिग्री, फतेहपुर में 6.7 डिग्री एवं जयपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में इस मौसम में पहली बार घना कोहरा देखा गया। प्रशासन ने राज्य में शीतलहर जारी रहने की चेतावनी को देखते हुए जयपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और सीकर सहित दर्जन से अधिक जिलों में विद्यालयों में विशेष रूप से प्राथमिक कक्षाओं में शीतकालीन छुट्टियों की अवधि बढ़ा दी हैं।

हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश के ताबो में मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 10.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर सहित कई अन्य जिलों में 10 जनवरी तक शीतलहर और घना कोहरा होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड का मुक्तेश्वर मंगलवार को सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री दर्ज हुआ, इसके अलावा नई टिहरी में 2.0 डिग्री रहा। आईएमडी ने हरिद्वार, उद्यम सिंह नगर के लिए कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है जबकि पौढ़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ व चम्पावत में ठंड बढ़ने के साथ ही घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

पढ़ें- उत्तर भारत में अगले सात दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना