दिल्ली मेट्रो की सेवाएं गणतंत्र दिवस पर रविवार को आंशिक रूप से बंद रहेंगी। सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली पुलिस की सलाह पर ऐसा किया गया है। मेट्रो लाइन -2 (हूडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली) और लाइन-6 (कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह) की सेवाएं रविवार को बदली हुई रहेंगी। केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाओं को शुरुआत से दोपहर 12 बजे तक बंद रखा जाएगा। 25 जनवरी की सुबह छह बजे से 26 जनवरी की दोपहर 2 बजे तक सभी मेट्रो पार्किंग स्थल बंद रहेंगे।
मल्टी लेयर्ड सुरक्षा घेरा बनाया गया: सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की अतिरिक्त 48 कंपनियों को वर्दी और सादे कपड़ों में तैनात किया जाएगा। ये दिल्ली पुलिस की लगभग 22,000 पुलिस कर्मियों की मदद के लिए तैनात की जाएंगी। एक बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा जरूरी स्थानों पर बनाया जाएगा। अन्य इकाइयों जैसे एनएसजी, एसपीजी और आईटीबीपी के साथ इनका पूर्वाभ्यास भी कराया गया है, ताकि एक दूसरे के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा सके।
Hindi News Live Hindi Samachar 25 January 2020: देश-दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें
कई जगह स्वाट टीमें तैनात: रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्वाट टीमों को भी तैनात किया जाएगा। संदिग्धों की पहचान के लिए दिल्ली पुलिस का फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम भी महत्वपूर्ण सहूलियत बिंदुओं पर स्थापित किया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने पहले कुछ वांछित आतंकवादियों की तस्वीरें जारी की थीं और इसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हर जगह चिपकाया गया था।
आतंकी खतरे की आशंका में बढ़ाई गई सुरक्षा: पुलिस के मुताबिक खालिस्तानियों के अलावा अल-कायदा और इंडियन मुजाहिदीन (कर्नाटक मॉड्यूल) जैसे आतंकवादी समूहों के आतंकवादी भी गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं। इसको देखते हुए पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।