दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्ड में उपचुनाव के लिए रविवार को मतदान होगा। दिल्ली विधानसभा चुनावों के जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए पहली बड़ी चुनावी परीक्षा है। एमसीडी में उसका मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP) से है, जो पुरानी ताकत वापस पाने की कोशिश कर रही है। वहीं कांग्रेस भी दोनों के मतदाता आधार में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रमुख दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने रोड शो, नुक्कड़ सभाएं और घर-घर जाकर संपर्क किया।
शालीमार बाग बी वार्ड से पार्षद रहीं है रेखा गुप्ता
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग बी वार्ड में रोड शो के दौरान दावा किया कि सभी वार्ड में भाजपा उम्मीदवारों को लोगों का जबरदस्त ‘आशीर्वाद’ मिल रहा है और यह तीन दिसंबर को आने वाले परिणामों में दिखाई देगा। एमसीडी के 12 वार्ड के लिये 30 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में 26 महिलाओं सहित कुल 51 उम्मीदवार मैदान में हैं।
AAP-कांग्रेस भी मैदान में
भाजपा ने सबसे अधिक आठ महिलाओं को मैदान में उतारा है, AAP ने 6 और कांग्रेस ने 5 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनावों में 70 में से 48 सीट जीतकर और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार बनाने के बाद भाजपा के सामने यह पहली बड़ी चुनावी चुनौती है। एमसीडी के जिन 12 वार्ड में उपचुनाव होने जा रहे हैं, उनमें से 9 पहले भाजपा के पास थे और तीन 3 के पास।
शालीमार बाग जैसी सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई होगी, जहां से रेखा गुप्ता विधानसभा चुनाव जीतने से पहले पार्षद थीं। भाजपा के लिए द्वारका बी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर सीट भी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। द्वारका बी सीट भाजपा की कमलजीत सहरावत द्वारा पश्चिमी दिल्ली सीट से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई है। भाजपा की दिल्ली इकाई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ‘‘हम शालीमार बाग बी और द्वारका बी सीट पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, क्योंकि ये सीट पहले हमारे प्रमुख नेताओं के पास थीं। पार्टी को न केवल इन दोनों वार्ड में जीत का भरोसा है, बल्कि अपनी पिछली नौ सीट की संख्या में भी सुधार करने का भरोसा है।”
दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद AAP भी अपना प्रदर्शन सुधारकर भाजपा को पटखनी देने की कोशिश कर रही है। पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और दिल्ली के पूर्व मंत्री गोपाल राय कर रहे हैं। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रचार में हिस्सा नहीं लिया। आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बिजली और पानी की आपूर्ति, सड़क और वायु प्रदूषण के मोर्चे पर विफल होकर दिल्ली को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। उपचुनाव के लिए सभी 12 वार्ड में 30 नवंबर को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मतदान होगा और मतों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने आगामी एमसीडी उपचुनावों से पहले सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की है।
