दिल्ली में माता जागरण कार्यक्रम के दौरान देर रात मंच के टूट जाने से एक महिला की मौत हो गई और करीब 17 लोग घायल हो गये। घटना के समय कार्यक्रम स्थल पर डेढ़ हजार से ज्यादा लोग मौजूद रहे। मंच पर मशहूर सिंगर बी प्राक (B Praak) भी मौजूद थे, हालांकि वह सुरक्षित हैं। कार्यक्रम में मौजूद दर्शक उनके करीब जाना चाह रहे थे। इससे मंच पर क्षमता से ज्यादा लोग हो जाने से वह टूट गया। हादसा शनिवार की देर रात (27-28 जनवरी 2024) हुई।

दिल्ली के कालकाजी मंदिर के महंत परिसर में शनिवार की रात माता का जागरण कार्यक्रम था। इस दौरान वहां पर लकड़ी और लोहे के फ्रेम से मंच तैयार किया गया था। कार्यक्रम शुरू होने के बाद देर रात अचानक मंच हिलने लगा और कुछ ही सेकंड में वह टूट गया। माना जा रहा है कि मंच पर क्षमता से ज्यादा लोग बैठे थे। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह टूट गया। मंच के टूटते ही उस पर बैठे सभी लोग एक के ऊपर एक गिरने लगे। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई।

पुलिस का कहना है कि आयोजकों ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं ली थी। इतना बड़ा आयोजन होने की सूचना भी नहीं दी थी। इससे मौके पर सुरक्षा के लिए जरूरी व्यवस्था नहीं की गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

ठंड और गलन के बीच हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के समय वहां पर 1500 से ज्यादा लोग मौजूद थे। चीख-पुकार मचने के बाद लोग दौड़े और घायलों को बाहर निकाला। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

कालकाजी मंदिर के पुजारी, सुनील सनी ने कहा, “कल कालकाजी मंदिर में 23वां वार्षिक ‘जागरण’ था। प्रमुख गायक और बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे… जब सिंगर बी प्राक पहुंचे तो भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। वहां किनारे पर एक अलग मंच था और बहुत सारे लोग जुटे हुए। इससे वह ढह गया। कालकाजी मंदिर प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवकों ने स्थिति को नियंत्रित किया और क्षति को काफी हद तक कम कर दिया… मुख्य मंच नहीं गिरा। बगल में भक्तों के बैठने के लिए बनाया गया एक मंच ढह गया था। वहां हजारों भक्त मौजूद थे…।”