Delhi-NCR Weather Updates: दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में आज सुबह भी बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी के एरोसिटी, आरके पुरम और मोती बाग इलाके में बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट जारी किया है। जिसमें अधिक बारिश और संभावित गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि, बारिश ने पड़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत दी है, लेकिन दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार को हुई भारी बारिश के चलते कई इलाकों में ट्रैफिक जाम और जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो गई। जिससे आम आदमी को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं मौसम विभाग ने आम लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दिल्ली में आज बारिश होगी या नहीं
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। विभाग ने शहर कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान शहर का न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 24 और 33 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिल्ली में लगातार हो रही बारिश और हल्की हवाओं के बीच शहर की आबोहवा साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली की हवा लंबे समय से संतोषजनक श्रेणी में है।
साप्ताहिक पूर्वानुमान
अगले सात दिनों के लिए दिल्ली में मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 7 से 9 सितंबर तक शहर में गरज के साथ हल्की बारिश होगी और तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री के बीच रहेगा। हवाएं ज्यादातर पूर्व और दक्षिण-पूर्व से चलेंगी, जिनकी रफ्तार 6 से 10 किमी प्रति घंटे होगी। 9 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है और तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। आंशिक रूप से बादल छाए रहने का सिलसिला 10 और 11 सितंबर को जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम, उत्तर और पूर्व से शांत से मध्यम हवाएं चलेंगी और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
दिल्ली में गुरुवार को बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार शाम को मध्य दिल्ली में बारिश हुई। जिसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से थोड़ा कम है। न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम है। IMD ने शुक्रवार को मध्यम बारिश के साथ आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। पूरे दिन आर्द्रता का स्तर 69 प्रतिशत और 90 प्रतिशत के बीच रहा।
आज NCR में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने एनसीआर में आने वाले गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। लेकिन इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के संभावना जताई जा रही है। इससे या तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी या फिर गर्मी और बढ़ जाएगी। बता दें कि पिछले कई दिनों से एनसीआर के लोग उमस भरी गर्मी का मार झेल रहे हैं। लेकिन गर्मी से राहत देने के लिए अच्छी बारिश नहीं हो रही है।
वीकेंड पर कैसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली-NCR में वीकेंड के दौरान मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का मौसम खुशनुमा बना रहेगा। दिल्ली में शनिवार को मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। वहीं रविवार को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले पूरे सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।