दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का पता बदल चुका है। अरविंद केजरीवाल अब दिल्ली के फिरोजशाह रोड स्थित बंगला नंबर पांच में रहेंगे। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इसमें शिफ्ट हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद छोड़ दिया है और आतिशी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके बाद उन्हें 15 दिन के अंदर सीएम आवास छोड़ना था।

अशोक मित्तल ने अपना आवास किया था ऑफर

ऐसे में अरविंद केजरीवाल को उनकी ही पार्टी के सांसद अशोक मित्तल ने अपना आवास ऑफर किया था। फिरोजशाह रोड पर स्थित बंगला नंबर 5 आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल का सरकारी आवास है। अब अरविंद केजरीवाल यहां पर गेस्ट के रूप में रहेंगे।

अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को नए घर में शिफ्ट हुए। इस दौरान वहां पर सांसद अशोक मित्तल और उनकी पत्नी ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। दो दिन पहले ही अशोक मित्तल ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें खुशी है कि केजरीवाल ने उनके घर को चुना है। अशोक मित्तल ने कहा कि जब हमें पता चला कि अरविंद केजरीवाल के पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है, तो मैंने अपना आवास गेस्ट के रूप में उन्हें ऑफर किया और उन्होंने मेरे अनुरोध को स्वीकार कर लिया।

‘राम से तुलना करने वाले एक महल छोड़ दूसरे में रहने…’, केजरीवाल के नए आवास को लेकर स्वाति मालीवाल का हमला

हरभजन सिंह के घर में रहेंगे सिसोदिया

अरविंद केजरीवाल की तरह ही मनीष सिसोदिया ने भी अपना नया आवास चुन लिया है। मनीष सिसोदिया को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने अपना घर ऑफर किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। अब हरभजन सिंह के राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित आवास पर मनीष सिसोदिया गेस्ट के रूप में रहेंगे।

अरविंद केजरीवाल जब तिहाड़ से जमानत पर बाहर आए, उसके बाद ही उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद आम आदमी पार्टी की विधायक दल की बैठक हुई और उसमें आतिशी को नया नेता चुना गया। आतिशी को बंगला अलॉट होने के 15 दिन के अंदर अरविंद केजरीवाल को अपना घर छोड़ना था।