दिल्ली में बाढ़ का खतरा फिर से मंडराने लगा है। बुधवार को दिल्ली में हुई भारी बारिश के कारण यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के पार चला गया। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर चुका है। केंद्रीय जल आयोग ने बताया कि बुधवार रात 8 बजे यमुना पर बने लोहे के पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 205.5 मीटर दर्ज किया गया है। बता दें कि अगर यमुना नदी का जलस्तर 205 मीटर से कम रहता है तो यह सुरक्षित माना जाता है। बुधवार को यमुना नगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर पानी का प्रभाव 30,000 क्यूसेक से 50,000 क्यूसेक प्रति घंटे था। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण दिल्ली के निचले इलाकों में फिर से पानी भरने लगा है। एहतियातन दिल्ली के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से घर खाली करा लिए गए हैं।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
भारत मौसम विभाग के मुताबिक (IMD) 2 अगस्त तक दिल्ली में बारिश होने की संभावना हैं। 2 अगस्त तक दिल्ली का न्यूतम तापमान 24 डिग्री से 27 डिग्री तक रहने की संभवना है वही अधिकतम तापमान 29 से 35 डिग्री तक रहेगी। दिल्ली में गुरुवार को भी बारिश होने की उम्मीद हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया हैं। मौसम विभाग ने आकड़े जारी कर बताया कि बुधवार को मयूर विहार इलाके में सबसे ज़्यादा बारिश हुई है। मयूर विहार में 111 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
पहाड़ों पर भारी बारिश जारी
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश जारी है। मंगलवार को हिमाचल के कुल्लू में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। इससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के अलावा दो पुल भी बह गए। मौसम विभाग की ओर से 27 जुलाई को 12 में से 8 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उधर उत्तराखंड में हरिद्वार, नैनीताल और चमोली जिले में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।