यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद दिल्ली के कई रिहायशी इलाकों में पानी भरने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में सरकार ने लोगों से अभी भी सतर्क रहने की अपील की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार (15 जुलाई)  को कहा कि बाढ़ का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है और लोगों को जलमग्न इलाकों में न तो तैरने का प्रयास करना चाहिए तथा न ही सेल्फी लेनी चाहिए। 

मुख्यमंत्री की यह अपील ऐसे वक्त में आई है जब उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकुंदपुर चौक इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई है। 

क्या बोले अरविंद केजरीवाल? 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की यह अपील लोगों की लापरवाही को देखते हुए सामने आई है। यमुना से सटे इलाकों में पानी भर जाने के बाद लोग पानी में खेलते-कूदते दिखाई दिए और सेल्फी लेने वाले लोगों की बड़ी तादाद भी सड़कों पर दिखाई देने लगी।

ऐसे में अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘कई जगहों से ऐसी खबरें हैं कि कुछ लोग पानी वाले इलाकों में खेलने जा रहे हैं, सेल्फी ले रहे हैं या वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। कृपया ऐसा न करें, यह जानलेवा हो सकता है। बाढ़ का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। पानी का बहाव काफी तेज है, और जलस्तर किसी भी वक्त बढ़ सकता है।’’

उन्होंने दिल्ली के शांतिवन इलाके में बाढ़ के पानी में खेल रहे बच्चों का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा, ‘‘मैं सबसे अपील करता हूं कि ऐसा न करें। यह जानलेवा हो सकता है।’’ 

यमुना के ताज़ा हालात 

 दिल्ली में उफान पर बह रही यमुना नदी में शनिवार सुबह जलस्तर घटना शुरू हुआ है  लेकिन यह कुछ सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से ही कम हो रहा है। केंद्रीय जल आयोग के बाढ़ निगरानी पोर्टल के मुताबिक यमुना का जल स्तर शनिवार सुबह सात बजे घटकर 207.62 मीटर पर आ गया है।  पिछले दिन रात आठ बजे यह 208.66 मीटर पर था।

बहरहाल यमुना अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से दो मीटर ऊपर बह रही है। यमुना नदी के तेज बहाव के कारण इंद्रप्रस्थ के पास क्षतिग्रस्त हुए जल रेगुलेटर की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है और दिल्ली यातायात पुलिस ने शांतिवन से गीता कॉलोनी तक रिंग रोड के दोनों ओर कार, ऑटो-रिक्शा और अन्य हल्के वाहनों की आवाजाही की अनुमति दे दी है। यातायात पुलिस विभाग ने ट्वीट किया कि शांतिवन से राजघाट और आईएसबीटी की ओर जाने वाली सड़क अभी भी बंद है।