दिल्ली में एक बार फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली में सुबह 7 बजे लोहा पुल के पास यमुना का जलस्तर 206.56 मीटर तक पहुंच गया। इससे पहले रविवार रात 10 बजे इसका स्तर 206.44 मीटर था यमुना नदी के जलस्तर का खतरे का निशान 205.33 मीटर से ज्यादा है। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित विभाग हाई अलर्ट पर रखे गए हैं। दिल्ली-एनसीआर के आसपास के इलाकों में बारिश से हिंडन समेत दूसरी नदियां भी उफान पर हैं। ऐसे में दिल्ली के अलावा, नोएडा व गाजियाबाद की स्थिति भी गंभीर है।

हथिनीकुंड से छोड़ा गया 5.5 लाख क्यूसेक पानी

हाल ही में हरियाणा में हथिनी कुंड से 5.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर बढ़ा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एलजी वीके सक्सेना से बात की। शाह ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए NDRF और SDRF की टीमें मौजूद हैं। उन्होंने सभी एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए हैं। दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि एक बार फिर से यमुना का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। उन इलाकों में भी नजर रखी जा रही है, जहां पिछली बार पानी भर गया था। कुल 60 टीमें इसके लिए लगाई गई हैं। सौरभ भारद्वाज ने साफ रहा है कि पिछली बाह यमुना का जलस्तर 208 मीटर के पार जाने के बाद वजीराबाद, ओखला, और चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए गए थे। हालांकि इस बार पूरी तैयारी की गई है। इस बार प्लांट बंद नहीं किए जाएंगे।

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मौसम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश होने और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। प्रदेश में मानसून के 25 जुलाई से एक बार फिर जोर पकड़ने का अनुमान है और 25-26 जुलाई को प्रदेश में अनेक स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। दूसरी तरफ महाराष्ट्र के भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। नागपुर मंडल में 13 जुलाई से अब तक बाढ़, और बिजली गिरने की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हुई है।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में गुरुवार तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मंगलवार से गुरुवार तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और कर्नाटक में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।