दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर के रेनोवेशन का मामला एक बार फिर से सुर्खियों में छाया है। दरअसल दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और विरोधी दल उनके लिए बने ‘शीशमहल’ को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं। हालांकि आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल अब उस घर में नहीं रहते हैं बल्कि नए आवास में शिफ्ट हो गए हैं।

अवध ओझा पटपड़गंज से लड़ रहे हैं चुनाव

यूपीएससी कोच अवध ओझा ने हाल ही में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी और पार्टी ने उन्हें पटपड़गंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। अपने बयानों के कारण अक्सर वह सुर्खियों में रहते हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने ‘शीशमहल’ का जिक्र करते हुए पूछा था कि अरविंद केजरीवाल कहते थे ना घर लूंगा, ना बंगला लूंगा, ना गाड़ी लूंगा लेकिन अब कितना आलीशान आवास बनवाया।

राजा को महल में ही रहना पड़ता है- ओझा

इसको लेकर एक यूट्यूबर ने अवध ओझा से सवाल पूछा। उसके जवाब में अवध ओझा ने कहा, “मैंने तो उनका वह आवास देखा नहीं है। लेकिन प्रभु राम जंगल में रहे और जब जंगल से तपस्या कर वापस आए, तो राजा को महल में ही रहना पड़ता है। राजा का एक महल होता है। अगर प्रभु राम जंगल में ही महल बना लेते तो लोग कहते कि यह कौन सी तपस्या है। राजा का एक आधिकारिक प्रोटोकॉल होता है।”

‘पटपड़गंज को भी IAS की फैक्ट्री कहा जाएगा’, अवध ओझा बोले- जहां महाभारत, वहां चुनौतियां

अवध ओझा ने आगे कहा, “अब जैसे कोई मुख्यमंत्री है तो वह एक जगह से दूसरी जगह जाएगा तो उसका एक प्रोटोकॉल होता है। उसकी कोई बात ही नहीं है। मैं अरविंद केजरीवाल जी को व्यक्तिगत तौर पर जानता हूं। अगर वह फिर से व्यक्तिगत जीवन में जाएंगे तो वह झोपड़ी में ही रहेंगे। अरविंद केजरीवाल साधारण और विनम्र इंसान हैं लेकिन राजा के साथ कुछ चीज जुड़ी होती है। वह मुख्यमंत्री आवास में रहते थे। अब आप उसे महल कहो या पैलेस कहो, अलग चीज है।”

बता दें कि बीजेपी 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित बंगले को शीश महल कहती रही है। यहां पहले अरविंद केजरीवाल रहा करते थे। हालांकि जब उन्होंने सीएम पद छोड़ा, उसके बाद वह नए आवास में शिफ्ट हो गए। उसके बाद से ये आवास खाली पड़ा है। पढ़ें आम आदमी पार्टी में शामिल हुए अवध ओझा हैं करोड़पति