आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल की दिल्ली के बेटे की छवि भाजपा को रास नहीं आ रही है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने इस छवि पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल हिसार में पैदा हुए हैं और गाजियाबाद में रहते हैं, तो वे दिल्ली के बेटे कैसे हैं। प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता में डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि 2015 में अरविंद केजरीवाल का झूठ पता चल गया था लेकिन इस बार के चुनाव में यह झूठ नहीं चलेगा।
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा किआज दिल्ली का चुनाव इस स्थिति में पहुंच गया है कि लोगों को समझ आ रहा है कि उन्हें गुमराह किया जा रहा है। ‘आप’ सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी नया स्कूल नहीं बनाया। अब कमरों की औसत संख्या के आधार पर स्कूल बनाने का दावा किया जा रहा है। स्कूलों की तरह ही दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बेहद खराब हुई है।
मोहल्ला क्लीनिक की खराब हालत सबके सामने आ गई है और लोग भी ‘आप’ को समझ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अबतक ‘आप’ ने दिल्ली के अलावा जितने भी राज्यों में चुनाव लड़े हैं, वहां हार का सामना किया है। लोकसभा चुनाव में ‘आप’ नेताओं की जमानत जब्त हुई थी। ‘आप’ ने साढ़े चार साल में केवल केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर आरोप लगाए है। और अब छह माह में मुफ्त योजनाएं देकर जनता को गुमराह कर रही है।
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं को दिल्ली में उतारा है। इस बात पर भी अरविंद केजरीवाल को आपत्ति है। एक दिन पहले ही अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के 200 सांसद, 70 मंत्री और 11 मुख्यमंत्री इस बार चुनाव प्रचार में आ रहे हैं। दिल्ली वालों ने पांच साल खूब मेहनत से दिल्ली को संवारा है। उनकी मेहनत का अपमान मत करना। अतिथि देवो भव:। आपके लिए दिल्ली दर्शन का आयोजन किया है। अक्षरधाम, कमल मंदिर आदि का आनंद लीजिए।
