राजधानी दिल्ली शीतलहर की चपेट में है। ठंड का आलम ये चल रहा है कि मुकाबला अब सीधे शिमला से किया जा रहा है। दिल्ली में शनिवार को तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं अधिकतम भी मात्र 11 डिग्री रहा। बड़ी बात ये है कि शिमला में शनिवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री था, यानी कि दिल्ली में तो दो डिग्री और कम ही चल रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज देर रात और रविवार सुबह को तापमान में और ज्यादा गिरावट देखने को मिल सकती है। अभी कुछ दिन और ऐसी ही शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में क्योंकि बर्फबारी भी देखने को मिल गई हैं, उसका असर भी मैदानों पर आने वाला है।

आईएमडी ने कोहरे और शीतलहर के चलते दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा – चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश बिहार के अलग-अलग स्थानों में न्यूनतम तापमान 3-7°C के बीच रहा।

अब एक तरफ पूरा उत्तर भारत भयंकर ठंड की चपेट में चल रहा है, वहीं मायानगरी मुंबई में गर्मी के रिकॉर्ड बनते दिख रहे हैं। बताया गया है कि इस बार का जनवरी सात सालों में सबसे ज्यादा गर्म रहा है। हैरानी की बात ये है कि जब दिल्ली में तापमान 3 डिग्री तक जा चुका है, उस समय मुंबई में 35 डिग्री वाली भयंकर गर्मी पड़ रही है। कुछ दूसरे राज्यों में भी ऐसा ही हाल देखने को मिल रहा है।