दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पद संभाले 20 दिन हो गए हैं। मंगलवार रात रेखा गुप्ता शालीमार बाग क्लब सोसायटी में होली मिलन समारोह में पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यमुना जी में बहुत जल्द ही छोटा क्रूज चलेगा और तीन-चार महीने में इसकी शुरुआत हो जाएगी।
जानें क्या है MoU
MoU के बारे में जानकारी देते हुए रेखा गुप्ता ने X पर एक पोस्ट में लिखा था, “दिल्ली सरकार जनहित में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जो राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। इस कड़ी में, मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि 2016 अंतर्देशीय जलमार्ग अधिनियम के तहत यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो जगतपुर (दिल्ली) से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तक फैला होगा। इस परियोजना के अंतर्गत, नदी नाव पर्यटन/फेरी सेवाओं के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस पहल से जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, दिल्ली के आर्थिक और पर्यावरणीय विकास को गति मिलेगी, साथ ही हरित परिवहन के विकास और यमुना किनारे रहने वाले लोगों की आजीविका में सुधार होगा।”
मेरी हिम्मत की दाद दो- रेखा गुप्ता
समाचार एजेंसी ANI द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो के अनुसार रेखा गुप्ता ने कहा, “मेरा गृह मंत्री जी से मिलने का समय था लेकिन मैंने उनको मना कर दिया। मैंने कहा कि सर आज हमने अपने क्षेत्र में कार्यकर्ता धन्यवाद समारोह रखा है और उसमें मुझे शामिल होना है, इसलिए मैं नहीं आ पाऊंगी, मुझे कोई और समय दो। आप सोचो मैंने गृहमंत्री जी को मना कर दिया, मेरी हिम्मत की दाद दो।” जैसे ही रेखा गुप्ता ने यह बात कही, वहां पर मौजूद लोग हंसने लगे।
यमुना नदी में कहां चलेगी फेरी? रेखा गुप्ता ने केंद्र के साथ MoU साइन करने के बाद किया ऐलान
रेखा गुप्ता ने कहा कि इसको लेकर हमने केंद्र सरकार के साथ एक एमओयू साइन किया है। इसके लिए आज (मंगलवार) 5:30 बजे मंत्री जी के साथ मीटिंग थी लेकिन मंत्री जी को कोई काम था, तो वह 7 बजे पहुंचे। वहां पर उपराज्यपाल भी मौजूद थे। हमने MoU साइन किया और फिर उसके बाद इस कार्यक्रम में आई हूं।
बड़ी संख्या में आई थी महिलाएं
रेखा गुप्ता एक समारोह को संबोधित कर रही थी। इस दौरान वहां पर बड़ी संख्या में महिलाएं भी आई हुई थीं। रेखा गुप्ता ने कहा कि हमने सरकार में आने के बाद यमुना जी की सफाई का कार्यक्रम शुरू करवाया और वहां पर छोटी क्रूज चलेगी।